50 करोड़ से साढ़े पांच एकड़ में बनेगी निगम कार्यालय की नई बिल्डिंग
- मंत्री कविता जैन ने सेक्टर 3 में रखी निगम कार्यालय की आधारशिला
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने मंगलवार को सेक्टर 3 में नगर निगम कार्यालय की नई बिल्डिंग की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इस बिल्डिंग का निर्माण 21 माह में पूरा होगा, जिसे साढ़े पांच एकड़ भूमि में 50 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। नगर निगम कार्यालय की बिल्डिंग देश की गिनी-चुनी प्रमुख बिल्डिंगों में शामिल होगी।
सेक्टर-3 में मंत्री कविता जैन ने मार्केटिंग बोर्ड की चेयरमैन कृष्णा गहलावत के साथ नारियल तोड़कर नगर निगम कार्यालय के भवन की आधारशिला रखी। मंत्री कविता जैन ने कहा कि नगर निगम कार्यालय की बिल्डिंग अत्याधुनिक रूप में तैयार की जाएगी। कार्यालय में लोगों के लिए हर प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। कार्यालय को डिजिटलाइजेशन से जोड़ा जाएगा। वहीं सोनीपत में जल्द ही बस अड्डे का निर्माण कार्य भी शुरू कराने की बात कही गई। कहा कि बस अड्डे के निर्माण के लिए नक्शे को रि-डिजाइनिंग के लिए भेजा गया है। इस दौरान नगर निगम आयुक्त सुशील कुमार, एसई टीएल शर्मा, एक्सईएन राधेश्याम, अंकित लोहान, पीपी शर्मा, भाजपा नेता मनोज जैन, रविंद्र दिलावर, मोहन सिंह मनोचा आदि मौजूद रहे।
--
इनेलो के नेता तुच्छ मानसिकता का परिचय दे रहे
जींद की हुंकार रैली को लेकर मंत्री कविता जैन ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात कहने का अधिकार सबका है। किसी भी राजनीतिक दल को यह शोभा नहीं देता कि वह किसी दूसरे राजनीतिक दल की जनसभा में अड़चन पैदा करें। रैली में अड़चन डालने की बयानबाजी करके इनेलो नेताओं ने तुच्छ मानसिकता का परिचय दिया है।