सोनीपत। रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सोनीपत में जल्दी ही पासपोर्ट सेवा केंद्र खोला जाएगा। इसके लिए उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय विदेश मंत्री से उन्होंने प्रदेश के तीन जिलों सोनीपत, रोहतक व भिवानी में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की मांग की थी। इस पर विदेश मंत्री ने उन्हें सेवा केंद्र खोलने का भरोसा दिया है। सांसद ने टोल प्लाजा को लेकर भी आंदोलन का ऐलान किया और कहा कि 16 नवंबर तक यह टोल नहीं हटाया गया, तो कांग्रेस के पांचों विधायकों के साथ मिलकर वे धरना देंगे। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस नेता मनोज रिढाऊ के चचेरे भाई आईटीबीपी में इंस्पेक्टर दलबीर सिंह के निधन पर शोक प्रकट करने के लिए पहुंचे थे। इस मौके पर विधायक जयतीर्थ दहिया, प्रदीप सांगवान, पूर्व विधायक देवराज दीवान, अर्जुन दहिया, जयदीप धनखड़, कृष्ण मलिक एडवोकेट, बिजेंद्र मलिक, पुनीत राणा, कमल हसीजा, सचिन कुंडू आदि मौजूद रहे।