गोहाना। गांव खानपुर कलां निवासी दो चचेरे भाइयों को अमेरिका भेजकर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 62 लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। आरोपी युवकों को साढ़े छह माह तक विदेश में घुमाता रहा। इसी बीच युवक उज्बेकिस्तान में पकड़े गए तो उन्होंने परिजनों को अवगत कराया। परिजनों ने युवकों को घर बुलाया। आरोप है कि पहले आरोपी रुपये लौटाने का झांसा देता रहा और बाद में उनके पास रोहिणी कोर्ट का नोटिस भेजकर विदेश घूमने के नाम पर 27 लाख रुपये और मांग लिए गए। साथ ही पानीपत पुलिस को दी भी धमकी देने व रुपये मांगने की शिकायत दे डाली। पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया है।
खानपुर कलां निवासी सुभाष ने आयुक्त को शिकायत दी थी कि उनके और उनके भाई आनंद के बेटों रिंकू व सुमित ने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की है। वह विदेश में नौकरी करना चाहते थे। इस पर उन्होंने दिल्ली पुलिस में नियुक्त अपने भाई कृष्ण से बातचीत की। कृष्ण को दोनों भतीजों को विदेश भिजवाने को कहा। जिस पर वह कृष्ण के माध्यम से उनके विभाग में कार्यरत पानीपत निवासी मंजीत से मिले। मंजीत ने दोनों चचेरे भाई रिंकू व सुमित को अमेरिका भेजने के नाम पर 62 लाख रुपये मांगे।
पीड़ितों ने तीन एकड़ जमीन बेचकर आरोपी को 62 लाख रुपये दिए। जिसमें कुछ राशि नगद व कुछ बैंक खाते में डलवा दी। आरोपी युवकों को अमेरिका की बजाय किसी दूसरे देश में जहाज में बैठाकर घुमाता रहा। वह उन्हें कहता रहा कि सीधा अमेरिका जाने पर रोक है। ऐसे में वह साढ़े छह माह तक उन्हें घुमाता रहा। आरोपी ने दोनों युवकों को उज्बेकिस्तान भेज दिया। जहां पर रिंकू व सुमित को गैर कानूनी रूप से आने पर पकड़ लिया गया। उनके साथ झगडा हुआ और उनके पासपोर्ट छीन लिए गए। युवकों ने सारी घटना परिजनों को कॉल पर बताई।
परिजनों ने रिंकू व सुमित के पास और रुपये भेजे, जिसके बाद वह घर पहुंचे। जब पीड़ित परिवार ने आरोपी से बात की तो उसने कहा कि वह जिस व्यक्ति के माध्यम से विदेश भेजता था उसने धोखाधड़ी की है। साथ ही आश्वासन दिया कि वह उनके रुपये ब्याज समेत वापस दिलवा देगा। 6 नवंबर को पीड़ित परिवार पंचायत लेकर आरोपी मंजीत के घर गए, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। जिस पर पुलिस आयुक्त को शिकायत दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंसेट
पीड़ितों के पास भिजवा दिया रिकवरी का नोटिस
आरोप है कि मंजीत ने उनके रुपये देने के बजाय उनके पास ही रिकवरी का नोटिस भेज दिया। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट से भेजे नोटिस में लिखा गया कि उन्होंने सुमित व रिंकू को घूमने के लिए विदेश भिजवाया था। जिसके 27 लाख रुपये बकाया है। साथ ही पानीपत पुलिस को उनके खिलाफ ही घर आकर रुपये मांगने व धमकी देने की शिकायत दे दी।
इंसेअ
दो भाइयों के विदेश में होने का दिया था झांसा
पीड़ितों का आरोप है कि मंजीत ने उन्हें बताया था कि उनके दो भाई अमेरिका में है। वह रिंकू व सुमित को कानूनी तरीके से अमेरिका भेजेंगे। अमेरिका में रह रहे उनके दो भाई एयरपोर्ट से उन्हें जाएंगे। जब तक नौकरी नहीं मिलेगी उनके भाई उन्हें अपने पास रखेंगे।