प्रदेश में भाजपा किसी से नहीं करेगी गठबंधन : रामबिलास शर्मा
अमर उजाला ब्यूरो
राई। जिस तरह से राजनीतिक पार्टियों के बीच लगातार गठबंधन का दौर चल रहा है। उस पर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि गठबंधन की उन पार्टियों को जरूरत होती है, जिनका अपना कोई वजूद नहीं होता है और उनको पहले ही हार का डर रहता है। उनके अनुसार यह तय है कि देश व प्रदेश में दोबारा से भाजपा की सरकार बनेगी।
राई में एथनिक इंडिया में पहुंचे शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि भाजपा किसी से गठबंधन नहीं करेगी और इनेलो के साथ गठबंधन करने की अफवाह फैलाई जा रही है। पीएम नरेंद्र मोदी की विकास नीति के बलबूते पर दोबारा से देश व प्रदेश में सरकार बनाने का काम भाजपा करेगी। उन्होंने कहा कि जींद उपचुनाव के नतीजे से स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की जनता विकास चाहती है और भाजपा पीएम के नेतृत्व में चहुमुखी विकास कार्य करवा रही है। यह विकास ही भाजपा की जीत की सबसे बड़ी राह है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोई भेदभाव किए बिना सरकारी नौकरी दी और युवाओं ने अपनी योग्यता के आधार पर नौकरी को हासिल किया। इनके अलावा हर वर्ग के लिए योजनाएं शुरू हुई है, जिनका लाभ उनको मिल रहा है। इसलिए भाजपा की जीत तय है।