ताजपुर पॉवर हाउस में 16 वीसीबी खराब, 8 गांव के आठ हजार घरों में अंधेरा
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। ताजपुर गांव में स्थित पॉवर हाउस में 16 वीसीबी (11 केवी के पैनल) खराब होने से एक सप्ताह से आठ गांवों के लोगों को रात अंधकार में व्यतीत करना पड़ी हैं। क्योंकि वोल्टेज इतना कम है कि केवल बल्ब का तार चमकता दिख रहा है। वीसीबी खराब होने से जहां बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है तो वोल्टेज भी पूरी तरह नहीं मिल रही है। इस कारण लोगों के घरों में बिजली के उपकरण नहीं चल रहे हैं और इस कारण ही गांवों में पानी का संकट फैला हुआ है। वहीं किसानों के लिए गेहूं की फसल में भी सिंचाई करना मुश्किल हो गया है। इस समस्या को लेकर आसपास के लोग पॉवर हाउस के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अधिकारी जल्द पूरी बिजली सप्लाई शुरू करने का आश्वासन दे रहे हैं।
ताजपुर स्थित पॉवर हाउस से ताजपुर, मलिकपुर, जैनपुर, टिकौला, गढ़ी टिकौला, जैनपुर, बख्तावरपुर, गढ़ी बख्तावरपुर व मेहंदीपुर गांवों में बिजली सप्लाई होती है। पॉवर में वर्ष 1986 में पैनल लगाने के लिए 16 वीसीबी (वेक्यूम सर्किट ब्रैकर) लगाई गई थी। वीसीबी खराब होने पर आठ गांवों के लगभग आठ हजार घरों में लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार अफसरों के कार्यालयों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो रहा। पिछले एक सप्ताह से गांवों में कम वोल्टेज आने से पानी का संकट फैला हुआ है। लोगों को ट्रैक्टर पर जनरेटर जोड़कर पानी भरना पड़ रहा है।
खेतों में भी सिंचाई करना हुआ मुश्किल
गेहूं की फसल में सिंचाई कराने का समय आ चुका है। लेकिन छह दिन से बिजली सप्लाई ठीक नहीं हो रही है। किसान खेतों में गेहूं की फसल के साथ आलू की फसल की बिजाई कर चुके हैं। बिजली सप्लाई ठीक नहीं होने से किसानों को फसल में सिंचाई करना मुश्किल हो गया है। किसान बिजली कर्मियों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं, लेकिन समस्या को अभी तक समाधान नहीं हो पाया है।
10 लाख रुपये की लागत से लगाया जा रहा पैनल
गांवों व खेतों में बिजली सप्लाई शुरू करने के लिए निगम की ओर से ताजपुर पॉवर हाउस में 10 लाख रुपये की लागत से नया पैनल लगाया जा रहा है। पैनल को बदलने के लिए एक सप्ताह से कार्य चला हुआ है जो अभी तक पूरा नहीं हो सका। जिसके चलते गांवों व खेतों में कम वोल्टेज दी जा रही है।
वर्जन
ताजपुर पॉवर हाउस में पैनल को बदलने का काम जारी है। पैनल की टेस्टिंग जल्द करके गांवों में निर्बाध रूप से बिजली सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। उसके बाद लोगों को किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-मनिंद्र कादियान, एक्सईएन, बिजली निगम
खरखौदा में आज छह घंटे बाधित रहेगी बिजली
खरखौदा। शहर के रोहतक मार्ग फीडर की बिजली आपूर्ति शनिवार को छह घंटे तक बाधित रहेगी। एसडीओ अश्विनी धनखड़ ने बताया कि शहर में एचटी लाइन के खंभों को बदलने का काम किया जाएगा, इसके चलते सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रोहतक मार्ग फीडर की बिजली सप्लाई बंद रहेगी।