एसडीओ पर लगाया पार्षद के ससुर से अभद्र व्यवहार का आरोप, लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। बिजली निगम की सिटी सब डिविजन के एसडीओ पर वार्ड नंबर तीन की महिला पार्षद के ससुर से फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाकर लोगों ने जमकर हंगामा किया, और जुलाना-गोहाना मार्ग जाम कर दिया। वार्ड के लोगों ने आरोप लगाया कि एसडीओ उपभोक्ताओं के साथ सही तरीके से बात नहीं करते, और उनके सही कार्यों के लिए भी आनाकानी करते हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। वहां करीब पौना घंटा जाम लगने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वार्ड-3 की महिला पार्षद अंजू दिलावर के ससुर सत्यवान ने शुक्रवार को बिजली समस्या को लेकर सिटी सब डिविजन के एसडीओ संजीत कुमार के पास फोन किया था। उसी समय उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिस पर वार्ड के लोगों ने जाम लगा दिया। पार्षद के ससुर का कहना है कि वार्ड के लोग बार-बार बिजली कम आने की समस्या लेकर उनके पास आ रहे थे। बिजली नहीं आने से पीने के पानी की भी समस्या हो रही थी और वार्ड के लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे। इसी बात को लेकर उसने एसडीओ के पास बिजली की समस्या का समाधान करने के लिए फोन किया था। उसका आरोप है कि एसडीओ उसके साथ अभद्र भाषा में बात करने लगा। जब उसने इस बारे में लोगों को बताया तो वार्ड के लोग भड़क गए और लोगों ने जुलाना रोड पर स्थित बिजली निगम के कार्यालय के सामने जाम लगा दिया। वार्ड के लोगों ने एसडीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वार्डवासी सुरेश, कृष्ण, लीलू, सतपाल, विक्रम, कृष्णा देवी, मूर्ति देवी और बाला आदि का कहना है कि वार्ड के लोग जब भी बिजली कार्यालय में जाते हैं तो एसडीओ द्वारा लोगों के साथ सही से बर्ताव नहीं किया जाता। इससे पहले भी कई बार एसडीओ की ओर से लोगों को बेइज्जत कर कार्यालय से निकलवाया जा चुका है। इधर जाम की सूचना साथ मौके पर पहुंची शहर थाना पुलिस ने लोगों को समझाया तथा कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
वर्जन
महिला पार्षद के ससुर का फोन आया था। बिजली की जो भी समस्या थी, उसके बारे में उन्हें बता दिया था। जिस पर वह जल्द बिजली चालू करने की बात करने लगे। तो उन्होंने कहा कि उनकी समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन पार्षद के ससुर ने उनके साथ सही तरीके से बात नहीं की।
संजीत कुमार, एसअडीओ, सिटी सब डिविजन गोहाना।