सोनीपत। रेलवे स्टेशन के नजदीक लगते ज्ञान नगर, भीम नगर, कल्याण नगर के बाशिंदों के लिए अच्छे दिन आने वाले हैं। कैबिनेट मंत्री कविता जैन के निर्देश पर काम करते हुए निगम प्रशासन ने एनओसी मांगी थी, जिसे उत्तर रेलवे ने मंजूर करते हुए एनओसी प्रदान कर दी है। नगर निगम अब अब 93 लाख रुपये खर्च कर पार्क का निर्माण करेगा, जिसमें वाक वे भी विकसित किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने बताया कि रेलवे ब्रिज के नीचे गंदगी से अटी हुई तकरीबन पांच एकड़ जमीन पर वाक वे बनाने की संभावना पर निगम अधिकारियों को काम करने के निर्देश दिए थे। पहले निगम ने उत्तर रेलवे को इस संबंध में प्रपोजल भेज दिया गया है, ताकि वह इसपर पार्क का निर्माण कर सके। लेकिन रेलवे की ओर से इस संबंध में नगर निगम सोनीपत को ही एनओसी प्रदान कर दी। भाजपा नेता राजीव जैन ने कहा कि निगम प्रशासन द्वारा 93 लाख रुपये की राशि का टेंडर जारी कर दिया है, जिसके बाद शीघ्र ही पार्क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि आसपास की कॉलोनियों के लोगों द्वारा इस स्थान को खुले में शौच करने के लिए प्रयोग करने तथा आसपास के क्षेत्रों के कूड़ा-कचरा डालने से स्थिति नारकीय हो रही थी। अब नगर निगम इस स्थान पर पड़े कचरे को न केवल उठान कराएगा, अपितु पैदल चलने के रास्ते (वाक वे) का निर्माण करके सजावटी पेड़ पौधे लगाने के लिए भी तैयार है। इससे न केवल इस क्षेत्र की गंदगी समाप्त हो जाएगी, अपितु शहर व रेलवे लाइन के साथ खाली पड़ी जमीन का सौंदर्यीकरण भी होगा। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी रेलवे की जमीन पर शहरी स्थानीय निकाय बहादुरगढ़ में ऐसा स्थान विकसित कर चुका है।