खरखौदा के रैन बसेरे के पास दमकल केंद्र के प्रांगण में रखी एसआईटी द्वारा पकड़ी गई शराब। फाइल फोटो
- फोटो : Sonipat
शहर में रैन बसेरे के साथ लगती दीवार के पास पुलिस ने मिट्टी में दबी करीब 600 पेटी शराब मिली है। मिट्टी खोदकर निकाली गई शराब को वर्ष 2017 में तत्कालीन एसआईटी, खरखौदा की टीम ने पकड़ा था। शराब पकड़े जाने के बाद यहां पर लाकर रखा गया था, लेकिन पुलिस विभाग की तरफ से इसके बाद इस शराब की सुध नहीं ली गई। ऐसे में रैन बसेरे के निर्माण के दौरान इस शराब को मिट्टी से दबा दिया गया।
खरखौदा के रैन बसेरे के पास से जिस शराब को अब खोदकर निकाला गया है वह क्रेजी रोमियो मार्का की शराब है। एसआईटी, खरखौदा की टीम ने 942 पेटियों में भरे पव्वे बरामद किए थे। इस शराब को ट्रक सहित खुरमपुर मोड़ के पास से पकड़ा था। जांच में सामने आया था कि पंजाब से लाई गई इस शराब पर फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश लिखा हुआ है। जबकि ट्रक चालक द्वारा जो कागजात शराब को लेकर दिखाए गए उनका इस शराब से मिलान नहीं होने पर पुलिस ने ट्रक सहित इस शराब को जब्त कर लिया था। इसे लाकर ट्रक सहित दमकल केंद्र में रखा गया। अब यहां पर रैन बसेरा भी बन चुका है। लेकिन बाद में ट्रक मालिक ने अपने ट्रक को छुड़वा लिया तो ट्रक में लोड शराब को यहीं पर उतार कर रख दिया गया और उसके बाद से यह शराब यहीं पर रखी हुई थी। अब जब शराब घोटाला सामने आया तो रिकार्ड में दर्ज शराब के गायब होने से हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस ने रैन बसेरे के साथ लगती जगह पर खुदाई कर मिट्टी को हटाकर शराब की पेटियां निकाली हैं। पुलिस ने पकड़ी गई 942 शराब की पेटियों में से खुदाई के दौरान सिर्फ 600 पेटी शराब ही मिल पाई है।