सोनीपत। जिला पुलिस की आरे से अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान का आयोजन किया गया l इसका उद्देश्य अपराध एवं अपराधियों पर लगाम लगाना है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) नरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में 57 टीमों ने गैंगस्टरों के 23 सह आरोपियों को काबू किया। साथ ही होटल व ढाबों की जांच की गई।
पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों से 20 बेल जंपर व एक उद्घोषित व्यक्ति को काबू किया है। अपराध शाखा पश्चिमी की ओर से खरखौदा थाना में दर्ज 70 लाख की धोखाधड़ी के मामले में बिचपड़ी और पानीपत के मुखीजा कॉलोनी की दो महिला आरोपी को काबू किया है। अपराध शाखा सेक्टर-27 ने खरखौदा क्षेत्र से अवैध हथियार सहित रोहतक के शास्त्री कॉलोनी निवासी प्रवीन को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा गोहाना ने सदर थाना गोहाना के चोरी के मामले में मुंडलाना निवासी मोनू को चोरी को बाइक सहित काबू किया है। सैदपुर पुलिस चौकी प्रभारी की ओर से खरखौदा थाना के एक मामले में गुमशुदा लड़की को बरामद किया है।