सीवर का मेनहोल टूटा, शिव नगर की गलियों में भरा दूषित पानी
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। एनएचएआई की ओर से जींद मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है, जहां दो दिन पहले कर्मचारियों से जेसीबी से काम करते हुए सीवर लाइन का मेनहोल टूट गया और उसके अंदर पत्थर के अलावा मिट्टी भर गई और पानी की निकासी ठप हो गई। इस कारण शहर के शिव नगर की गलियों में दूषित पानी भर गया। लोगों को अब यहां से आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एनएचएआई को नोटिस जारी कर मेनहोल को ठीक कराने के लिए कहा है। एनएचएआई की ओर से 183 करोड़ रुपये की लागत से जींद मार्ग को फोरलेन किया जा रहा है। इसी मार्ग पर जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवरेज लाइन शिव नगर के अलावा अन्य कॉलोनियों के पानी की निकासी के लिए दबाई गई है। दो दिन पहले मार्ग का काम करते समय जेसीबी से कर्मचारियों ने सीवरेज के मेनहोल को तोड़ दिया, जिससे पत्थर और मिट्टी लाइन के अंदर भर गई। इससे लाइन पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई और शिवनगर से पानी निकासी ठप हो गई। जिससे चार गलियों में पानी भर गया और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से एनएचएआई के अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है।
समस्या को लेकर क्या कहते हैं स्थानीय निवासी
गली में पिछले दो दिन से पानी भरा हुआ है। मैं वीरवार शाम को किसी काम से घर से बाहर निकली। गली में दूषित पानी भरा होने के कारण फिसल कर गिर गई और मेरे पैर की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।
कृष्णा देवी निवासी शिव नगर।
लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। पानी खाली प्लाटों में खड़ा होने के बाद उनके घरों की नींव में जा रहा है। वहीं दिन के समय भी दूषित पानी एकत्र होने के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ गई है।
- इंद्रा देवी निवासी शिव नगर।
गली में भरे दूषित पानी के बीच से बच्चों के अलावा बुजुर्गों को मजबूरन निकलना पड़ता है। दो दिन से दूषित पानी भरा होने के कारण लोगों के काम भी प्रभावित हो रहे है। समस्या का समाधान कराने के लिए गुहार भी लगाई, लेकिन समस्या ऐसे ही बनी हुई है।
-श्रीपाल सिंगला, राहगीर।
सीवर के मेनहोल टूट जाने व निकासी नहीं होने के कारण चार गलियों में पानी भर गया है। पानी से बदबू आती है, जिसके कारण लोगों को अपने मुंह पर कपड़ा रखकर निकलना पड़ता है।
-सुनील, राहगीर।
सीवर का मेनहोल जींद मार्ग पर टूटने के बाद एनएचएआई के अधिकारियों को नोटिस जारी कर दिया है। एनएचएआई से मेनहोल का निर्माण करवाया जाएगा। समस्या का समाधान जल्द करा दिया जाएगा।
-डीएस दलाल, एक्सईएन जनस्वास्थ्य विभाग।