टीडीआई सिटी में खराब हालात, बिजली व पानी को तरस रहे लोग, सड़कें टूटी पड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
राई/कुंडली। कुंडली की टीडीआई सिटी के माई फ्लोर-1 में रहने वाले 200 परिवार खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। क्योंकि जब उन्होंने फ्लैट खरीदे थे तो किसी तरह की समस्या नहीं होने देने का दावा टीडीआई प्रबंधन ने किया था। लेकिन अब वहां के हालात पूरी तरह से खराब हो चुके हैं और लोग बिजली व पानी को तरस रहे हैं। वहीं यहां की सड़कें टूटी पड़ी हैं। सीवर लाइन जाम होने से पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर भर जाता है, जिसमें मच्छर पैदा होने से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। प्रबंधन से कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर वहां के लोगों ने मार्केट कमेटी के चेयरमैन को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा है। जिससे उनकी समस्या का समाधान कराया जा सके।
कुंडली में टीडीआई प्रबंधन ने जब रेजीडेंसियल कालोनी बनाई थी, तब लोगों को फ्लैट बेचने के लिए खूब सब्जबाग दिखाए गए थे। लेकिन वहां सभी फ्लैट बेचने के बाद प्रबंधन अब वहां रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान तक नहीं करता है। इस कारण ही वहां के लोगों के सामने समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। वहां अटेरना पावर हाउस से बिजली की सप्लाई होती है, जिसकी लाइन लगभग दस साल पुरानी है। वह लाइन जर्जर हो चुकी है तो उसपर लगातार लोड भी बढ़ता रहा है। इस कारण ही उसमें किसी भी समय फाल्ट हो जाता है। इस तरह ही टीडीआई में बिजली की सप्लाई के लिए अंडरग्राउंड केबल डाली गई है जो खराब होने के कारण रोजाना फाल्ट होता रहता है। जिससे वहां आए दिन कई-कई घंटे तक बिजली नहीं आती और उसे ठीक तक नहीं किया जाता है। बिजली न आने से पानी की सप्लाई भी ठप हो जाती है, क्योंकि पानी की सप्लाई के लिए जनरेटर नहीं लगाया गया है। वहां जिस टंकी से इन फ्लैट में पानी की सप्लाई होती है, वह काफी नीचे है। वहां बड़ी टंकी भी लगाई गई है, लेकिन उससे सप्लाई नहीं दी जाती है। सीवरेज व्यवस्था भी पूरी तरह से खराब पड़ी है और वह ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। इसके अलावा सड़कें भी पूरी तरह से टूट चुकी है, जिनको ठीक नहीं कराया जा रहा है। इन समस्याओं को लेकर टीडीआई प्रबंधन के पास कई बार फोन तक किया गया और उनके कार्यालय में जाकर शिकायत भी दर्ज कराई गई। उसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इस कारण ही वहां रहने वाले लोगों ने मार्केट कमेटी के चेयरमैन कुलदीप नांगल को सीएम मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान रिटायर्ड कमांडेंट इंद्र सिंह सिवाच, नरेश, मंजीत, राजेन्द्र, सतबीर, महेन्द्र, रणबीर, आदर्श कमल आदि मौजूद रहे।