सोनीपत। सीएम मनोहर लाल दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन 17 नवंबर को हैबीटेट भवन में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके लिए 17 नवंबर को सुबह 7 बजे से 9:30 बजे तक लघु सचिवालय के निकट पंजीकरण किया जाएगा। जनता दरबार में जाने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय परिसर से हैबीटेट भवन में प्रवेश दिया जाएगा।
डीसी केएम पांडुरंग ने कहा कि सीएम मनोहर लाल 16 व 17 नवंबर को सोनीपत प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान सीएम 16 नवंबर को शाम पांच बजे लघु सचिवालय परिसर में विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ व शिलान्यास करेंगे। इसके बाद सीएम मनोहरलाल अधिकारियों की बैठक लेंगे। डीसी ने कहा कि सीएम मनोहरलाल 17 नवंबर को मुरथल विवि में सुबह 8 बजे अखिल विश्व गायत्री परिवार शांति कुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित युवा क्रांति सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि होंगे। सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री हैबीटेट भवन में जनता दरबार लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला परिषद के सभागार में जनप्रतिनिधियों तथा निगरानी समिति सदस्यों की बैठक को संबोधित करेंगे। अंत में सीएम खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय राई और औरंगाबाद गांव की व्यायामशाला का दौरा करेंगे।