हुड्डा सरकार ने सीएनजी बसें खरीदकर किया करोड़ों का नुकसान : पंवार
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। परिवहन और जेल मंत्री कृष्ण पंवार ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में खरीदी गई सीएनजी बसें परिवहन विभाग के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों के कारण परिवहन विभाग को करोड़ों रुपये का घाटा वहन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 600 में से 450 बसों का आर्डर दिया जा चुका है। जिनमें से 150 बसें आ चुकी हैं। मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश के लोगों को बेहतर परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। शुक्रवार को परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार लाइजनिंग कमेटी के चेयरमैन विकास जैन के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार ने निजी बस परमिट देने का फैसला रोडवेज कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारियों और अधिकारियों की बैठक के बाद किया गया था। जिसके खिलाफ कुछ लोग कोर्ट में चले गए। जिन लोगों ने परमिट की फीस भरकर गाड़ी खरीद ली थी। उन्हे चलाने की इजाजत दी गई है। उन्होंने कहा कि विभाग में 869 मैकेनिक की भर्ती भी जल्द कर ली जाएगी। इसके लिए टेक्निकल टेस्ट बाकी है। उसके बाद परिवहन विभाग में न बसों की कमी रहेगी और न ही मेकेनिकों की कमी।