कुंडली। गांव कुंडली में रह रही महिला के बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। महिला का कहना है कि उसने अपने बैंक खाते के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं दी है। पुलिस ने चोरी व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कुंडली की गली नंबर 3 में रहने वाली नंदिता ने पुलिस को बताया कि उसका आंध्रा बैंक कुंडली में खाता है। किसी अज्ञात ने उसके खाते से पांच बार में 50000 रुपये निकाल लिए। बैंक में पता किया तो नकदी 9 अक्तूबर को दिल्ली के करोलबाग स्थित एटीएम से निकालने की जानकारी मिली। कुंडली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर, शहर के खुबडू रोड निवासी आरपीएफ के जवान व उसके भाई को ओएलएक्स पर कार बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर 49098 रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत सीएम विंडो पर दी। इसके बाद थाना गन्नौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
खुबडू रोड पर गांधी नगर कालोनी निवासी राजीव ने थाना गन्नौर में शिकायत दर्ज कराई कि वह दिल्ली आरपीएफ में कार्यरत है। उन्होंने ओएलएक्स पर 20 अगस्त को एक कार देखी, जिस पर बेचने वाले का फोन नंबर भी लिखा हुआ था। फोन पर संपर्क किया तो आरोपी ने खुद को गुरुग्राम निवासी भजन सैनी बताया। आरोपी ने उन्हें कार डिलिवरी करने के लिए गेट पास के नाम पर 5100 रुपये की आनलाइन पेमेंट करने की मांग की। इसके बाद भजन सैनी ने और रुपयों की मांग की तो राजीव ने मोबाइल फोन-पे से 49098 रुपये भजन सैनी के पास भेज दिए लेकिन कार नहीं दी। थाना गन्नौर पुलिस ने राजीव की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।