गन्नौर। गांव आहुलाना में शुक्रवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने भैंस व्यापारी और उनके भतीजे से पिस्तौल के बल पर 50 हजार रुपये लूट लिए। भैंस व्यापारी ने मामले की सूचना खुबडू झाल चौकी पुलिस को दी है।
गांव आहुलाना निवासी भैंस व्यापारी कृष्ण ने बताया कि वह अपने भतीजे साहिल के साथ टाटा एस में भैंस बेचने के लिए उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना गया हुआ था। वहां उन्होंने 1 भैंस व 3 कटड़े बेचे। भैंस खरीदने वाले ने उनके खाते में 37 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। जिसके बाद उन्होंने रास्ते में पानीपत के समालखा पहुंचने पर एटीएम से 37 हजार रुपये निकाल लिए, जबकि 13 हजार रुपये उनके पास पहले से थे। वह जब रात 11 बजे गांव में नहर के पास पहुंचा तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी के शीशे पर पत्थर मारन के साथ उनकी गाड़ी के आगे बाइक अड़ा दी। इसके बाद बदमाशों ने उनकी पिटाई कर पिस्तौल के बल पर 50 हजार रुपये लूट लिए। शिकायत पर खुबडू झाल चौकी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।