सोनीपत। गांव सिटावली की महिला को लकी ड्रॉ में साढ़े आठ लाख रुपये जीतने का झांसा देकर साढ़े चार लाख ठगने का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान पर मोहाना थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला को झांसे में लेने के लिए 24 मोबाइल नंबर व 12 यूपीआई आईडी का इस्तेमाल किया गया
गांव सिटावली निवासी पिंकी ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि अक्तूबर, 2024 में उनके मोबाइल पर कॉल आई कि लकी ड्रॉ में आपने साढ़े आठ लाख रुपये जीते हैं। यह राशि उनके खाते में ट्रांसफर की जाएगी। उनको विश्वास में लेने के लिए ठगों ने कुछ फर्जी बैंक आईडी और वीडियो उनके पास भेजे थे। इनमें बैंक ऑफ बड़ौदा का एक खाता नंबर दिखाया गया था। पिंकी ने बताया कि ठगों ने जीएसटी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 15 अक्तूबर से 28 नवंबर, 2024 के बीच उनसे फोन-पे पर करीब 4.50 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद भी प्रोसेसिंग फीस की मांग करते हुए फर्जी स्क्रीन शॉट भेजकर पैसों के ट्रांसफर होने का झांसा दिया। पिंकी का आरोप है कि जब मुझे शक हुआ तो इस बारे में पुलिस को अवगत कराया। महिला ने साइबर ठगों की तरफ से इस्तेमाल किए 24 मोबाइल नंबर और 12 यूपीआई आईडी की जानकारी पुलिस को दी है। मोहाना थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। साथ ही महिला की तरफ से उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर व यूपीआई आईडी को भी खंगाला जा रहा है।