फोटो 25. सूखा दिवस के मौके पर डोर टू डोर सर्वे करते स्वास्थ्य कर्मचारी। स्रोत: स्वास्थ्य विभाग
सोनीपत। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए रविवार को स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सूखा दिवस मनाया। 45 टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को सूखा दिवस मनाने के लिए प्रेरित किया। राहत की बात यह है कि रविवार को डेंगू का कोई भी मरीज नहीं मिला। अब तक डेंगू के 177 मरीज व मलेरिया के 10 मरीज मिल चुके हैं। इस बार चिकनगुनिया का भी कोई मरीज नहीं मिला है।
सिविल सर्जन डाॅ. कृष्ण कुमार ने बताया कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए जल संचयन और वेक्टर कंट्रोल के उपायों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि सभी इस पहल का हिस्सा बने और सप्ताह में एक दिन घरों में पानी की टंकी व कूलर आदि की सफाई करें।
सीएमओ ने बताया कि तेज बुखार, बदन, सिर एवं जोड़ों में दर्द और आंखों के पीछे दर्द, त्वचा पर लाल धब्बे के निशान, नाक-मसूड़ों से या उल्टी के साथ रक्तस्राव होना इन बीमारियों के लक्षण हैं। उन्होंने बताया कि सूखा दिवस के तहत स्वास्थ्य विभाग ने 38 कार्यक्रम किए। साथ ही 8578 घरों का दौरा किया, जिनमें से 32 घरों में लार्वा मिला, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी किए। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक बलबीर सिंह, एमपीएचडब्ल्यू मनीष दहिया, सफाई निरीक्षक कृष्ण कुमार मौजूद रहे।
फोटो 25. सूखा दिवस के मौके पर डोर टू डोर सर्वे करते स्वास्थ्य कर्मचारी। स्रोत: स्वास्थ्य विभाग