सोनीपत । पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने मंगलवार को राई स्थित अपने कार्यालय में उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले 42 पुलिसकर्मियों और एक सामान्य नागरिक को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में तीनों क्राइम यूनिटों (एसएजी, सीआईए-1 व गन्नौर) की उन टीमों को विशेष रूप से सराहा गया, जिन्होंने 30 मई को गन्नौर में दो युवकों पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी रोहित उर्फ गंजू व अंकुश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
इन टीमों में निरीक्षक अजय कुमार, वीर सिंह, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार सहित कुल 17 अधिकारी व जवान शामिल रहे। 17 मई को सब्जी मंडी हत्याकांड में शामिल आरोपियों सूरज व प्रिंस को खेवड़ा के पास हथियारों सहित पकड़ने वाली स्पेशल एंटी गैंगस्टर सेक्टर 7 टीम को भी सम्मानित किया गया। टीम में उपनिरीक्षक श्रीनिवास व अन्य 5 पुलिसकर्मी शामिल थे।
क्राइम यूनिट कुंडली की टीम को भी प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए, जिन्होंने 30 अप्रैल को गन पॉइंट पर कार लूट की वारदात में अमित को मुठभेड़ के बाद अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया था।
2 जून को राई थाना क्षेत्र से अपहृत पांच वर्षीय बच्ची को 24 घंटे से भी कम समय में सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस टीम में एसएजी. इंचार्ज अजय कुमार, थाना राई प्रभारी कुलदीप सिंह व ग्रामीण फूल कुमार शामिल रहे।
गोहाना में कन्या महाविद्यालय के पास युवक की हत्या के मामले में मौके से एक आरोपी को दबोचने वाले सिपाही दुष्यंत, होमगार्ड जयदीप और थाना मोहाना में तैनात मुख्य सिपाही पवन कुमार को भी सम्मानित किया गया। संवाद