मंडी तीसरे दिन भी नहीं हो सकी पीआर धान की खरीद, किसान मायूस
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। रोहतक रोड ई अनाज मंडी में तीन दिन से पीआर धान की सरकारी खरीद नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों की अनदेखी की चलते किसानों के साथ-साथ आढ़ती वर्ग भी परेशान है। आढ़तियों का कहना है कि मंडी में तीन दिन से लगातार पीआर धान आ रहा है। धान आने की सूचना देने के बाद भी अफसर मंडी में खरीद करने नहीं आ रहे। सरकार ने एक अक्टूबर से मंडियों में पीआर धान की खरीद करने का निर्णय लिया था। खाद्य आपूर्ति विभाग व हैफेड को पीआर धान की खरीद करने के निर्देश दिए थे। इसको लेकर सरकार ने खरीद एजेंसियों को धान की खरीद करने के दिन भी तय किए। उसके बाद भी तीन दिन से धान की खरीद नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र सरकार की ओर से इस बार पीआर धान का समर्थन मूल्य 1750 रुपये प्रति क्विंटल तय किया हुआ है। किसानों की इस समस्या को लेकर मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन संजय वर्मा ने मार्केटिंग बोर्ड की चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत की भी शिकायत की। इस पर कृष्णा गहलावत ने उन्हें जल्द ही सरकारी खरीद शुरू कराने का आश्वासन दिया।
धान व बाजारे खरीद नहीं होने पर डीसी को दी शिकायत
मंडियों में पीआर धान व बाजरे की सरकारी खरीद नहीं होने की शिकायत भाकियू के पदाधिकारियों ने लघु सचिवालय में डीसी को दी। उन्होंने बताया कि यूनियन के स्टेट नेताओं ने भी 10 दिन पहले धान व बाजरे की खरीद के लिए सरकार को मांगपत्र दिया था। उस दौरान सरकार ने एक अक्टूबर से फसलों की खरीद करनेे का आश्वासन दिया था। तीन दिन बाद भी मंडियों में धान व बाजरे की खरीद करने के लिए कोई इंतजाम नहीं है। जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द से जल्द खरीद शुरू नहीं हुई थी वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान यूनियन के ब्लॉक प्रधान छतर सिंह, दलबीर, वेदप्रकाश, सतपाल, रोहताश, नफे सिंह आदि मौजूद रहे।
सरकार की ओर से एजेंसियों के लिए मिलर्स तय कर दिए है। वीरवार से मंडियों में खरीद शुरू कर दी जाएगी। किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
मनीषा मेहरा, डीएफएससी