अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक से जुड़ी जीएनएम व एएनएम का कोर्स कर रही छात्राओं ने विवि प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जीएनएम की छात्राओं आरोप है कि वर्ष 2015 में कोर्स में दाखिला लेने के बावजूद अब तक विवि ने केवल प्रथम वर्ष की परीक्षाएं ही आयोजित की है। जबकि कोर्स 2018 में पूरा हो जाएगा। ऐसे में मात्र कुछ माह में शेष दो वर्ष की परीक्षाएं लिए जाने में आशंका है। छात्राओं ने आशंका जताई है कि परीक्षाएं समय पर नहीं लिए जाने के कारण उनका भविष्य अधर में लटक जाएगा। आक्रोशित छात्राओं ने इस संबंध में एक शिकायत सीएम विंडो पर देने के साथ ही प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन डीसी को भी सौंपा है।
सोमवार को विभिन्न संस्थानों की जीएनएम का कोर्स कर रही छात्राएं उपायुक्त कार्यालय पहुंची। छात्राओं ने बताया कि उन्होंने 3 वर्ष अवधि के लिए वर्ष 2015 में जीएनएम कोर्स में दाखिला लिया था। इसके बाद से अब तक प्रथम वर्ष की ही परीक्षाएं ली गई है। कोर्स के दो वर्ष पूरे हो चुके हैं। अप्रैल 2018 तक कोर्स पूरा हो जाना चाहिए। उन्होंने सीएम विंडो पर दी शिकायत में बताया कि वह अपने संस्थानों के माध्यम से कई बार इसकी शिकायत मदवि प्रशासन को कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्हें अपना कोर्स निर्धारित समय में पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा। छात्राओं ने डीसी केएम पांडुरंग को एक ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम भी सौंपा। छात्राओं ने मांग की कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मियों पर ठोस कार्रवाई की जाए। साथ ही उनकी परीक्षा जल्द आयोजित कर रिजल्ट घोषित किया जाए।