‘पानी का बिल नहीं भरेंगे सेक्टर के लोग’
सोनीपत। ज्वाइंट वेलफेयर एसोसिएशन हुडा सेक्टर हरियाणा के आह्वान पर सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति की दरों में वृद्धि व इनहांसमेंट के विरोध में सेक्टर के लोगों ने लघु सचिवालय पर सांकेतिक धरना दिया। वहां साफ कहा गया कि वह पानी के बिल नहीं भरेंगे। वहीं लोगों ने मांग रखी कि पेयजल आपूर्ति दरों को कम रखा जाए तो इनहांसमेंट भी नहीं लगाया जाए और इन मांगों को लेकर डीसी को ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन के जिला प्रधान राजेंद्र राठी ने कहा कि सभी सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति की दरों में पांच गुणा बढ़ोतरी करके प्रदेश सरकार ने जनविरोधी निर्णय लिया है। इतना ही नहीं सरकार ने सेक्टरों के रिहायशी प्लाटों व मकानों पर भारी मात्र में इनहांसमेंट डाल दी, जिससे सेक्टरवासी सेक्टर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। इसके विरोध में 24 अक्तूबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। साथ ही धरने पर सेक्टर के लोगों को पानी के बिल न भरने का आह्वान किया गया। इस मौके पर आनंद दहिया, राजेंद्र मलिक , केएस सांगवान, बलजीत मलिक, रामधन मलिक, प्रेम राठी, महाबीर आंतिल, हवासिंह राठी, जयदेव अरोड़ा, अरविंद दलाल, सुरेंद्र मदान और सतपाल तोमर मौजूद रहे।