कैंटर से लूटे गए अमेजन कंपनी के 116 बैग बरामद
सोनीपत/कुंडली। हाईवे पर नाथूपुर के पास कैंटर से लूटे गए अमेजन कंपनी के 116 बैग को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने लूट के मामले में बिहार स्थित दरभंगा के गांव पनीशाह निवासी अशोक कुमार और गांव शिवराम निवासी विश्वनाथ को काबू कर रिमांड पर लिया है। उनकी निशानदेही पर बैग बरामद किए गए हैं। पुलिस उनके साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। विदित रहे कि मूलरूप से मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर के गांव ईशानगर निवासी मुन्ना खान ने 17 अक्तूबर को कुंडली पुलिस को बताया था कि वह सुरेंद्र बाबू के कैंटर पर चालक का काम करता है। वह 16 अक्तूबर की रात को अपने कैंटर में दिल्ली के महिपालपुर से अमेजन कंपनी के 126 बैग लेकर सोनीपत ब्रांच के लिए निकला था। उनके कंपनी के विभिन्न आइटम थे। नाथूपुर के पास पहुंचने पर सवार युवकों ने उसे रुकवा कर अपनी कार में बंधक बना लिया था। एएसआई रामबीर ने अशोक और विश्वनाथ को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए 116 बैग कुंडली की फ्रेंड्स कालोनी स्थित एक गोदाम से बरामद किए गए हैं।