अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। मुरथल अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वीरवार को खंड स्तरीय स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित किया गया। इसमें समूह नृत्य, समूह गान, स्किट, एकल गायन और एकल नृत्य प्रतियोगिता हुई। इनमें सोनीपत खंड की 20 टीमों ने हिस्सा लिया।
समूह नृत्य, समूह गान, स्किट और एकल गायन में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सोनीपत ने पहला, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भठगांव ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। समूह नृत्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुमासपुर और समूह गान और एकल गायन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बड़ौली ने तीसरा स्थान हासिल किया। एकल नृत्य में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सोनीपत पहले, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बड़वासनी दूसरे और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बड़ौली तीसरे स्थान पर रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीईओ सुमन नैन ने छात्राओं को अपने जीवन में किसी भी गलत कार्य के लिए समझौता न करने की सीख दी। साथ ही विजेता छात्राओं को बधाई दी। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी प्रोमिला भारद्वाज और पूर्व पार्षद मनोज शर्मा विशिष्ट अतिथि थे। इस दौरान प्रिंसिपल संतोष राठी ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विजेता टीमों को शुभकामनाएं दीं।