सोनीपत/खरखौदा। बाढ़ बचाव कार्यों के साथ नहरों का निरीक्षण करते हुए डीसी केएम पांडुरंग ने नहरी पानी की चोरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस दिशा में सख्त से सख्त कदम उठाए जाएं। यदि कोई भी व्यक्ति नहरी पानी की चोरी करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए।
डीसी ने मंगलवार को अधिकारियों के दल को साथ लेकर सोनीपत व खरखौदा क्षेत्र के अंतर्गत बाढ़ बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न नहरों का बारीकी से मुआयना किया। इसकी शुरुआत जुंआ डिस्ट्रीब्यूट्री से की, जिसके तहत गोहाना रोड पर जाजी-जुंआ-माछरी चौराहे पर उन्होंने डिस्ट्रीब्यूट्री का जायजा लिया। यहां कुछ ग्रामीणों ने डीसी से डिस्ट्रीब्यूट्री की अंदर-बाहर से सही प्रकार से सफाई न किये जाने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से पड़ताल की। उन्होंने डिस्ट्रब्यूट्री की बाहर से भी सफाई करवाने के निर्देश देते हुए नहरी रास्ते से जुआं गांव की ओर रुख किया। बीच रास्ते में माछरी गांव के जोहड़ का निरीक्षण किया, जिसकी ग्रामीणों की मांग पर चारदिवारी करवाने व साथ में सड़क के निर्माण के निर्देश दिये। यहां उन्होंने गांव में स्टेडियम व व्यायामशाला के निर्माण के विषय में भी जरूरी निर्देश दिए।
इससे पूर्व जुआं में पहुंचने पर ग्रामीणों ने डीसी का स्वागत किया, इस दौरान उन्होंने डीसी समक्ष कई समस्याएं व मांगें रखी। प्रमुख रूप से गांव में चिकित्सकों व पशु चिकित्सकों की कमी दूर करवाने की मांग रखी। साथ ही उन्होंने गली निर्माण की भी गुहार लगाई, जिन्हें पूरा करवाने के लिए उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिये। इसके बाद गोरड़ माइनर का निरीक्षण किया। फिर भदाना माइनर व बागडूू माइनर की पड़ताल करते हुए नहरी पानी की आपूर्ति का गंभीरता से जायजा लिया। भठगांव व रतनगढ़ गांवों में ग्रामीणों ने अंतिम छोर तक पानी न पहुंचने की शिकायत की, जिस पर डीसी ने भरोसा दिया कि जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।
डीसी केएम पांडुरंग ने सेहरी माइनर व खेड़ी खांडा माइनर का निरीक्षण किया। इस दौरान बिधलान में एक जोहड़ को देखकर वे रुक गये और तालाब की सुंदरता की प्रशंसा की। यहां उन्होंने तालाब के साथ पार्क का निर्माण करने व जोहड़ की चारदीवारी करने के निर्देश दिये। उन्होंने ड्रेन नंबर-8 का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी ने सीएम घोषणाओं की भी समीक्षा की, जिसके तहत सिलाना में नाले के निर्माण कार्य का जायजा लिया।
इसके उपरांत उपायुक्त पांडुरंग खरखौदा अनाज मंडी (सबयार्ड) पहुंचे, जहां उन्होंने आढ़तियों की मांग पर मंडी में पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। इस संदर्भ में उन्होंने मंडी सचिव को फटकार भी लगाई। मंडी प्रधान नरेश दहिया व अन्य आढ़तियों ने मांग की कि सब यार्ड को मंडी का दर्जा दिलाया जाये, जो कि सीएम घोषणा में शामिल है। इस पर उपायुक्त ने कहा कि इस संदर्भ में वे डीओ लैटर लिखेंगे तथा मार्केट फीस के विषय में भी उनकी मांग को सीएम तक पहुंचाएंगे। उन्होंने खरखौदा में स्टेडियम के निर्माण कार्य की भी पड़ताल की।
इस दौरान लोगों की मांग पर डीसी ने खरखौदा के बाजार का दौरा किया। उन्होंने नगरपालिका के अधिकारियों को निर्देश दिये कि यहां सड़क का निर्माण किया जाए। कुछ अन्य व्यक्तियों ने दिल्ली मार्ग पर बाजार में व ड्रेन पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाने की भी मांग की, जिसे उपायुक्त ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से पूरा रिकॉर्ड तलब किया। इस बीच उन्होंने खरखौदा बस स्टैंड के पीछे गंदे पानी के जमावड़े की समस्या के समाधान पर भी अधिकारियों के साथ मंथन किया। एक अधिकारी को उपायुक्त ने कड़ी फटकार भी लगाई। उन्होंने कहा कि गंदे पानी की निकासी आवश्यक है। अंत में उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी के विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक ली, जहां उन्होंने सीएम घोषणाओं की पुन: समीक्षा की। इस मौके पर एसडीएम राकेश कुमार, डीएसपी आदर्शदीप, तहसीलदार हितेंद्र शर्मा, एक्सईएन यशबीर पंवार, कृषि उप-निदेशक डॉ. अनिल सहरावत, सीएमओ डॉ. जेएस पुनिया, एक्सईएन राजेश मक्कड़, विरेंद्र कादयान आदि अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।