खरखौदा। एकता चौक क्षेत्र की रहने वाली बुजुर्ग दुकानदार के 40 हजार रुपये चोरी हो गए। बुजुर्ग बैंक से लौट रही थी। दो युवक उसे बातों में उलझाकर नकदी चोरी कर फरार हो गए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से गांव बरोणा फिलहाल एकता चौक खरखौदा निवासी रोशनी ने पुलिस को बताया कि वह सब्जी मंडी के गेट के पास बेल्ट और पर्स बेचती हैं। मंगलवार को वह पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अपने खाते में 80 हजार रुपये जमा करवाने के लिए गई थी। राशि जमा करवाने के दौरान बैंक कर्मी ने उन्हें बताया कि बैंक खाते से पैन कार्ड को नहीं जोड़ा गया है, जिसके चलते वह इतनी बड़ी रकम जमा नहीं कर सकती। जिस पर रोशनी ने 40 हजार रुपये जमा करवाए और 40 हजार रुपये वापस अपने थैले में रख लिये। जब वह बैंक से लौट रही थी तो रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोकते हुए कहा कि आपने तो बैंक में 40 हजार रुपये ही जमा करवाए, बाकी 40 हजार रुपये आप वापस ले आईं। वह बहाने से उनके साथ बातचीत करते रहे और उसके बाद दोनों बाजार की तरफ चले गए। लेकिन कुछ देर बाद जब उसने अपना थैला चेक किया तो उसमें से नकदी चोरी थी। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। बुजुर्ग का आरोप है युवकों ने बैग से नकदी चोरी की है। जिस पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।