सोनीपत। कॉमर्शियल गैस आपूर्ति बंद होने से जिले में अब घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होने लगा है। इस पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने भी छापेमारी तेज कर दी है। विभाग की टीम ने बुधवार शाम और वीरवार को विभिन्न स्थानों पर छापा डालकर 35 घरेलू सिलिंडर जब्त किए।
अधिकारियों की माने तो विभाग की टीम अब तक 121 घरेलू सिलेंडर, कॉमर्शियल सिलिंडर और छोटे सिलिंडरों को जब्त कर चुकी है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने वीरवार को सोनीपत के सेक्टर-14, दिल्ली रोड, आईटीआई चौक सहित बहालगढ़, कुंडली, बारोटा स्थित दुकानों पर छापा डाला।
कालाबजारी, जमाखोरी रोकने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त, हेल्पलाइन नंबर जारी
जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के नियंत्रक विंशेल सहरावत ने बताया कि जिले में एलपीजी की कालाबजारी, जमाखोरी व अनधिकृत प्रयोग को रोकने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के लोग एलपीजी से संबंधित किसी भी तरह की परेशानी होने पर 0130-2242428 पर कॉल कर जानकारी दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला में पांच नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। इनमें सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी गन्नौर हरेंद्र कुमार, इंचार्ज-निरीक्षक राई प्रवीन कुमार, इंचार्ज-निरीक्षक खरखौदा प्रवेश, इंचार्ज-निरीक्षक गोहाना राजेश व इंचार्ज-निरीक्षक सोनीपत नवीन पालीवाल शामिल हैं।
घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए टीमों का गठन कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार और वीरवार को सोनीपत, बहालगढ़, कुंडली, बारोटा में दुकानों पर छापा डालकर 35 सिलिंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। जल्द ही इन्हें सरकारी खजाने में जमा करवाया जाएगा। -विंशेल सहरावत, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक