राई। गांव बहालगढ़ के चौक पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले दुकानदार को मोबाइल पर आए लिंक को क्लिक करना महंगा पड़ गया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 33 हजार रुपये दूसरे नंबर पर ट्रांसफर हो गए। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बहालगढ़ निवासी रजनीश ने पुलिस को बताया कि वह गांव के अड्डे पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। वह पहली जनवरी की शाम को अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी उनके मोबाइल पर एक लिंक आया था। जिस पर उन्होंने क्लिक कर दिया। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 33 हजार रुपये एक मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर हो गए। वह अपने रुपये मिलने का इंतजार करता रहा। अब जब रुपये वापस नहीं मिले तो उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। बहालगढ़ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है मोबाइल नंबर की डिटेल निकालकर कार्रवाई की जाएगी।