संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिले में शनिवार को सोनीपत, गोहाना, गन्नौर व खरखौदा न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद गोयल व मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अशोक कुमार मान की देखरेख में लगाई गई राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक रिकवरी, फौजदारी, सिविल, वैवाहिक व चेक बाउंस के करीब 322 वादों का समाधान किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना क्लेम मामलों के 27 केसों का निपटारा किया गया। इसमें वादियों का चार करोड़, 36 लाख, पांच हजार रुपये की समझौता राशि का निपटारा किया गया। इसके अलावा मोटर व्हीकल से संबंधित 10970 चालानों का निपटारा करते हुए 80.45 लाख रुपये की राशि वसूली गई। 32 फौजदारी के, 159 सिविल केस, 14 वैवाहिक विवाद संबंधी, 90 चेक बाउंस केस का निपटान किया गया। इसमें एक करोड़, 94 लाख, 31 हजार 45 रुपये की राशि का निस्तारण किया गया है। जिला एडीआर केंद्र में स्थायी लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न बैंकों के रिकवरी से संबंधित 36 केसों का निपटारा किया गया है।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अशोक कुमार मान ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रमोद गोयल, फैमिली कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश अलका मलिक, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सोनीपत संजीव आर्या, अतिरिक्त जिला व सत्र न्यायाधीश सोनीपत विमल कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सोनीपत प्रवीण कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सोनीपत प्रिया गुप्ता व न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सोनीपत जैसमिन प्रीत कौर के साथ ही उप मंडलीय न्यायिक दण्डाधिकारी गोहाना खुशबू गोयल, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी गन्नौर पुनीत, उप मंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी खरखौदा डॉ. रेनू शोलखे की बेंचो ने केसों का निपटारा किया। जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने भी उपभोक्ता मामलों का निपटारा किया। राष्ट्रीय लोक अदालत ने कई साल से लंबित पड़े मुकदमों का निपटारा किया है।
इसके अलावा पुलिस विभाग (कमिश्नर कार्यालय) व तहसीलदार सोनीपत, गोहाना, गन्नौर, खरखौदा, खानपुर व राई की बेंच की तरफ से राजस्व व अन्य सहायक मामलों संबंधी मामलों का निपटान किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कई साल से न्यायालय में लंबित पड़े मुकदमों का निपटारा कर आमजन को लाभ पहुंचाया गया है।