संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। शहर के मटिंडू चौक बाईपास के पास शराब पी रहे दो लोगों ने वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति का रास्ता रोका लिया और उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने धर्मबीर के सिर पर शराब की बोतल से हमला कर उनको घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी उनकी जेब से गिरे 20 हजार रुपये उठा ले गए और धमकी दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड 15 मटिंडू मार्ग निवासी धर्मबीर का कहना है कि वह रागनी गायक है और शुक्रवार शाम करीब चार बजे टहलने के लिए मटिंडू बाईपास चौक आईटीआई के पास गए थे। जहां संमुन्द्र व साहिल बैठकर शराब पी रहे थे। उन्होंने उसे देखते ही गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। ऐसा करने से रोका तो संमुन्द्र ने उठकर अपने हाथ में ली हुई शराब की बोतल उनके सिर पर दे मारी। जिससे वह नीचे गिर गए और उनकी जेब से 20 हजार रुपये भी गिर गए। इसके बाद दोनों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। दोनों उनके पैसे उठाकर धमकी देते हुए भाग गए। धर्मबीर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।