सोनीपत। रोहतक रोड पर 32 वर्ष पुराना रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) कमजोर पड़ने लगा है। ऐसे में आमजन की सुरक्षा के चलते बुधवार को रोहतक रोड पर हाइट गेज लगाकर पुराने आरओबी से भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई।
नए आरओबी से भारी वाहनों की आवाजाही होने से जाम लगने लगा है। इससे वाहन चालकों की परेशानी बढ़ रही है। रेलवे की तरफ से लिखे गए पत्र पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त से मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने पुराने आरओबी को भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया है। बुधवार को रोहतक रोड स्थित ओवरब्रिज को सुरक्षा के मद्देनजर एक तरफ से बंद कर दिया है। यहां से रोजाना करीब 10 हजार भारी वाहन गुजरते हैं। आरओबी के वनवे होने से फिर से जाम की समस्या पैदा होने लगी है। इससे शहर का दूसरा हिस्सा अधिक प्रभावित होगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से रोहतक रोड स्थित ओवरब्रिज के एक हिस्से को वर्ष 1992 में बनाया गया था। आरओबी का दूसरा हिस्सा वर्ष 2014 में बनाया गया था।
जानिए... क्या आ सकती है परेशानी
ओवरब्रिज का एक मार्ग बंद करने से शहर का दूसरा हिस्सा जाम से प्रभावित रहेगा। खरखौदा की तरफ से शहर में आवागमन करने वाले वाहनों के लिए यह मुख्य मार्ग है। ओवरब्रिज के दूसरे मार्ग पर वाहनों का एक ही तरफ से आवागमन होने से रोहतक रोड, काठ मंडी, गुड़ मंडी व मिर्च मंडी में जाम की स्थिति बनी रहेगी।
जीटी रोड पर जाने वाले भारी वाहन 334बी का अपना सकते हैं रास्ता
खरखौदा की ओर से जीटी रोड की तरफ जाने वाले भारी वाहन नेशनल हाईवे 334बी का प्रयोग कर सकते हैं। इससे इन भारी वाहन चालकों को जाम की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और कम समय पर अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं। इससे उन्हें रोहतक रोड के आरओबी पर जाम की समस्या से रूबरू नहीं होना पड़ेगा।
डेढ़ साल पहले की गई थी पुराने आरओबी की मरम्मत
रेलवे की ओर से मार्च 2023 में पुराने आरओबी की मरम्मत की गई थी। इस दौरान पुराने आरओबी से आवाजाही बंद की गई थी। उस समय रेलवे ने मुख्यालय पत्र लिखकर आईआईटी रुड़की से सर्वे कराया था। सर्वे में आईआईटी टीम ने निरीक्षण के दौरान पुराने आरओबी से भारी वाहनों की आवाजाही बंद करने के संकेत दिए थे। इसके बाद रेलवे ने लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा था।
आईआईटी रुड़की टीम की अनुशंसा के बाद पुराने आरओबी से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा था। अब आईआईटी रुड़की की सर्वे रिपोर्ट के आने का इंतजार है, जिसमें पता लगा सकेगा कि आरओबी भारी वाहनों की आवाजाही के लिए तैयार है या नहीं।
- नरेश कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, रेलवे
उपायुक्त से मंजूरी लेने के बाद रोहतक मार्ग पर हाइट गेज लगाकर पुराने आरओबी पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। भारी वाहन अब नए आरओबी से गुजर सकेंगे।
- पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग