बिजली निगम ने किसान के घर भेजा 136 यूनिट का 15.15 लाख का बिल
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। बिजली निगम की ओर से एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है। बिजली निगम ने मलिकपुर गांव के किसान रघुनाथ त्यागी के घर दो माह का 15.15 लाख रुपये का बिल भेज दिया। उसका कहना कि बिजली निगम की लापरवाही के चलते बिल उसके घर पर भेजा है। जिसको ठीक करने के लिए निगम कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ेगा।
किसान रघुनाथ त्यागी ने बताया कि उसके मकान में चार एलईडी बल्ब व एक पंखा चलता है। उसके बाद भी बिजली निगम ने 136 यूनिट का 15.15 लाख का बिल भेज दिया है। बिजली बिल को देखकर वह हैरान रह गया। उसका कहना है कि निगम की ओर से बार-बार लोगों को परेशान किया जा रहा है। समय पर बिजली भी नहीं मिल पाती, उसके बाद भी बिजली निगम लाखों के बिल भेज रहा है।
वर्जन
बिजली बिल की शिकायत मिलते ही बिल को ठीक करा दिया जाएगा। भविष्य में भी लोगों के घरों में ठीक बिल बनाकर भेजने का प्रयास रहेगा। ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
- एसएल राय, एसई बिजली निगम।