संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सेक्टर-15 स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोर नकदी, चांदी के सिक्के और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर ले गए। घटना के समय परिवार धार्मिक यात्रा पर राजस्थान के सालासर धाम गया हुआ था। सूचना मिलने पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-15 निवासी रजत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 27 जून की सुबह करीब चार बजे पत्नी और बेटे के साथ सालासर धाम दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद वे सिरसा में अपने एक रिश्तेदार के घर चले गए। 28 जून को दोपहर में जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला खोलते ही अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला।
अलमारियों और कीमती सामान रखने वाले कक्ष के ताले टूटे हुए थे। पीड़ित के अनुसार चोर घर से 30 हजार रुपये, 25 से 30 चांदी के सिक्के, एक स्पीकर और एयरपॉड्स चोरी कर ले गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति तड़के 3:38 बजे कंधे पर थैला लटकाए गली से बाहर जाता दिखाई दिया। हालांकि, उसका चेहरा ढका होने से पहचान नहीं हो सकी। वहीं, चोरी हुए एयरपॉड्स की लोकेशन बिहार के बिहटा रेलवे स्टेशन के पास शुगर मिल मार्ग के निकट मिली है। सेक्टर-27 थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।