सोनीपत। खरखौदा के रोहतक मार्ग पर स्थित अनाज मंडी से चोर रात को आढ़ती के गेहूं के 300 से ज्यादा कट्टे चोरी कर ले गए। सुबह जब आढ़ती ने दुकान के पीछे जाकर देखा तो चोरी का पता लगा। उसके पड़ोसी आढ़ती के गेहूं के कट्टे भी चोरी मिले। आढ़ती की शिकायत पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आढ़ती जगदीश ने पुलिस को बताया कि उसकी खरखौदा अनाज मंडी में दुकान है। वीरवार रात को करीब 12 बजे वह दुकान के पिछले हिस्से में रखे गेहूं के कट्टों की जांच करने के बाद सो गया था। सुबह उठकर जब दुकान के पिछले हिस्से में गया तो कट्टों के ढेर से करीब 250 कट्टे चोरी मिले। वहीं उसके पड़ोसी आढ़ती के भी 50 से ज्यादा कट्टे चोर चोरी कर ले गए। उसने अपने स्तर पर पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जिस पर उसने मामले की शिकायत खरखौदा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चोरों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।