सोनीपत। शहर के सेक्टर-23 स्थित भगत सिंह मैदान पर शहीदों की याद में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि आईपीएस संजय कुमार सेन रहे। उन्होंने भारतीय सेना के साथ ही हरियाणा व दिल्ली पुलिस के 30 शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर, तुलसी के पौधे, पानी के सकोरे व घोंसले देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 21 कुंडीय यज्ञ से किया गया। गांव जुआं स्थित गुरुकुल से पहुंचे आचार्य वेदनिष्ठ, सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित गुरुकुल से आचार्य संदीप, बरोणा गुरुकुल से आचार्य प्रदीप व रमेश ने यज्ञ संपन्न करवाया। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में हम में भी है दम ग्रुप व पर्यावरण मित्रों ने विशेष सहयोग दिया।
संजय कुमार सेन ने शहीदों की कुर्बानियों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि हम सभी को देश की रक्षा, विकास व उन्नति के लिए अपना योगदान देना चाहिए। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने में अहम कड़ी साबित होते हैं। इस दौरान दास ग्रेड-1 अधिकारी नवीन कोहाड़, नीदरलैंड से ऋषि मलिक, शिक्षक डॉ. जेपी दलाल, दिल्ली पुलिस से अमित लाठिया, प्रो. सुभाष सिसोदिया, देवेंद्र, जगत सिंह, लाल सिंह, जरनैल मलिक, पवन आर्य, सेक्टर-23 आरडब्ल्यूए प्रधान राजेश दहिया सहित, ब्रह्मचारी व युवा मौजूद रहे।