कुंडली (सोनीपत)। निफ्टम (राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान) के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने 281 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की। इस दौरान टॉपर रहे आठ विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान कहा कि भारत विश्व में फसल उत्पादन में सबसे बड़ा देश है, परंतु किसान की मेहनत से पैदा हुआ अनाज, सब्जियां गोदामों में या फिर दाम न मिलने की वजह से बर्बाद हो जाती हैं। यह निफ्टम के विद्यार्थियों के लिए चुनौती है कि वह इस बर्बादी को रोककर देश के विकास की रफ्तार को एक नई गति दें।
इससे पहले दीक्षांत समारोह में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर ने केंद्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, नेस्ले इंडिया के एमडी सुरेश नारायणन, वीसी चिंदी वासुदेवप्पा व अन्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि निफ्टम के विद्यार्थी डिग्री लेने के बाद नौकरी पाने के लिए लाइन में खड़े हों, बल्कि वह चाहती हैं कि निफ्टम के विद्यार्थी यहां से निकलकर अपने-अपने राज्यों, जिलों में नौकरी देने वाले बने। उन्होंने कहा कि इसके लिए मंत्रालय द्वारा बहुत कई योजनाएं शुरू कर रखी हैं। विद्यार्थियों को उनका लाभ लेना चाहिए। उन्हें किसानों के लिए प्रगति के द्वार खोलने को आगे आना चाहिए।
डिग्री मिलने पर झूम उठे 281 विद्यार्थी
सोमवार को निफ्टम के दीक्षांत समारोह में 281 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। जिसके तहत बीटेक के वर्ष 2015, 2019 सत्र के 144 विद्यार्थी, सत्र 2014-2018 के 19 विद्यार्थी, एमटेक कार्यक्रम के सत्र 2017-19 के 80 विद्यार्थी व सत्र 2017-19 के 29 एमबीए के छात्रों को डिग्री दी गई। इसके अतिरिक्त पीएचडी के 9 शोधार्थियों को भी डिग्री दी गईं। इस दौरान 8 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल भी प्रदान किया गया। गोल्ड मेडल विजेता सुरभि को मंच पर बोलने का भी मौका दिया गया।
गोल्ड विजेता ने कहा- जमीनी स्तर तक जुड़ना जरूरी
दीक्षांत समारोह में 8 विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल दिए गए। गोल्ड मेडल जीतने वाली सभी लड़कियों की केंद्रीय मंत्री ने भी तारीफ की तथा गोल्ड मेडल विजेता सुरभि को मंच पर बोलने का मौका भी दिया। इस दौरान सुरभि ने कहा कि निफ्टम में अनुशासन उन्हें आगे बढ़ने में मदद करता है। हालांकि उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ जब तक नहीं मिलेगा, जब तक जमीनी स्तर पर पहुंचकर काम नहीं किया जाएगा। सुरभि के साथ रियाभद्र, अचला गुप्ता, नीतामणि चौधरी, नेहा महतो, संजना चक्रवर्ती, कृष्णाप्रभा, नीतू जैन को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
निफ्टम में आयोजित दीक्षांत समारोह में उपस्थित विद्यार्थी।- फोटो : Sonipat
निफ्टम में आयोजित दीक्षांत समारोह में छात्रा को डिग्री देती केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर।- फोटो : Sonipat