सोनीपत के डीपीसी कार्यालय में प्राचार्यों के साथ वर्जुअल बैठक करते डीईओ नवीन गुलिया साथ हैं डीई
सोनीपत। राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थी संख्या बढ़ाने के लिए शुरू किए गए प्रयास रंग लाया है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के नौ दिन में ही करीब 2800 विद्यार्थियों ने निजी स्कूलों को छोड़कर सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है। वहीं परिणामों से उत्साहित शिक्षा विभाग ने अध्यापकों को दिए गए लक्ष्य को दोगुना कर दिया है जबकि शुरुआत में सभी कक्षाओं में 10 फीसदी विद्यार्थी संख्या बढ़ाने का लक्ष्य दिया था।
शिक्षा विभाग ने राजकीय स्कूलों की स्थिति में सुधार करते हुए साल दर साल घटती जा रही विद्यार्थी संख्या बढ़ाने के प्रयास शुरू किए थे। इसके लिए 23 मार्च से प्रवेश उत्सव शुरू किया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक स्कूल के अध्यापकों को डोर-टू-डोर सर्वे करने के निर्देश दिए गए थे।
15 तक जारी रहेगा प्रवेश उत्सव कार्यक्रम
प्रवेश उत्सव को लेकर बुधवार को डीईओ नवीन गुलिया ने जिले के सभी स्कूल प्रमुखों की वर्चुअल बैठक ली। इसमें स्कूल प्रमुखों से दाखिलों की रिपोर्ट लेते हुए प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के तहत सामने आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी ली गई। डीईओ नवीन गुलिया ने स्कूल प्रमुखों को प्रोत्साहित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में दाखिले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रवेश उत्सव कार्यक्रम 15 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस दौरान रविवार को भी स्कूल खोले जाएंगे।
एसएलसी देने में आनाकानी करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
बैठक में कुछ स्कूल प्राचार्यों ने कहा कि कई निजी स्कूल विद्यार्थियों को स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) देने में आनाकानी कर रहे हैं। इससे विद्यार्थी दाखिला नहीं ले पा रहे। डीईओ ने कहा कि बिना ठोस कारण एसएलसी देने में आनाकानी करने वाले निजी स्कूलों की सूची तैयार की जाए। ऐसे स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग कार्रवाई करेगा।
वर्जन
प्रवेश उत्सव के तहत राजकीय स्कूलों में विद्यार्थी संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। अब तक किए गए प्रयास के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रवेश उत्सव 15 अप्रैल तक जारी रहेगा। सभी स्कूल प्राचार्यों से विद्यार्थी संख्या बढ़ाने के प्रयास जारी रखें।
नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत