सोनीपत। अब कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी के साथ बढ़ने लगी है। आठ माह बाद फिर से जिले में एक्टिव केस की संख्या 1000 को पार कर गई है। पब्लिक डीलिंग वाले कार्यालयों में कोरोना संक्रमण बढ़ने लगा है। बुधवार को बीपीएस मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में चिकित्सक समेत चार कर्मी और गोहाना कोर्ट के आठ कर्मियों सहित 252 नए संक्रमित मिले हैं। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 1094 हो गई है। कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 49 हजार 85 हो गई है। वहीं 130 मरीज ठीक हुए है। इसके बाद ठीक होने वाले कुल मरीजों की संख्या 47 हजार 736 हो गई है। जिले में कंटेनमेंट जोन की संख्या शून्य बनी हुई है।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि गोहाना कोर्ट में आठ कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले हैं। साथ ही खानपुर कलां स्थित महिला मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक समेत चार कर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं। गांव धतूरी में एक ही परिवार के चार सदस्य समेत पांच लोग, गांव बुटाना में छह लोग, जिला कारागार में 20 वर्षीय युवक, अशोका यूनिवर्सिटी में 22 वर्षीय महिला कर्मी, गांव जुआं में नौ लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। बुधवार को कोरोना के 252 संक्रमित मिलने के साथ ही 130 मरीज ठीक हो गए हैं।
बुधवार को 1803 लोगों के सैंपल लिए
जिले में बुधवार को 1803 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसमें 1586 आरटी पीसीआर और 216 रेपिड एंटीजन टेस्ट शामिल रहे। रेपिड एंटीजन टेस्ट की सभी रिपोर्ट बुधवार को ही प्राप्त हो गई। इसमें से 16 लोगों की रिपोर्ट संक्रमित पाई गई और इनमें से 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया व अन्य लोगों को होम आईसोलेट किया गया है। इसकी संक्रमण दर 7.41 प्रतिशत रही। वहीं आरटी पीसीआर की पुरानी 1838 रिपोर्ट भी प्राप्त हुई। इसमें से 236 लोगों की रिपोर्ट संक्रमित पाई गई हैं। आरटीपीसीआर की रिपोर्ट आने के बाद तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया व अन्य लोगों को होम आईसोलेट कर दिया गया है। आरटी पीसीआर की संक्रमण दर 12.84 प्रतिशत रही।
सक्रिय केस की संख्या पहुंची 1094
जिले में 130 मरीजों के ठीक होने के बाद बुधवार को सक्रिय केसों की संख्या 1094 हो गई है। कोरोना के कारण अब तक 255 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार मिल रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर जांच कराएं।
फोटो 17: जिला न्यायालय में कर्मचारी की कोरोना जांच के लिए सैंपल लेते स्वास्थ्य कर्मी। संवाद