सोनीपत। दिनभर धूप खिलने के बाद शाम को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवा और बादलों की गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। मंडियों में बारिश से गेहूं को बचाने के लिए तिरपाल तक की व्यवस्था नहीं थी। बेहतर प्रबंध नहीं होने के कारण वीरवार शाम को हुई बारिश के दौरान सोनीपत अनाज मंडी में पानी भर गया। गेहूं से भरे पानी से भीग गए। इसके चलते 1.38 लाख बैग में भरा 69 हजार क्विंटल गेहूं बारिश में भीग गया। साथ ही गोहाना मंडी में खुले में पड़ा पौने दो लाख क्विंटल गेहूं भीग गया।
बारिश ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल के साथ ही मंडी में पहुंच चुका गेहूं भीगने से किसान परेशान है। खरीदे गए गेहूं का उठान नहीं हो पाया है और न ही किसानों को फसल का भुगतान किया गया है। मंडियों में गेहूं की आवक लगातार हो रही है। खरीद एजेंसियां नमी ज्यादा बताकर गेहूं की खरीद कम कर रही हैं। इसके चलते अकेले गोहाना अनाज मंडी में करीब 1.75 लाख क्विंटल गेहूं पड़ा है।
वहीं, जिले की मंडियों में अब तक 388060 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। इनमें से महज 36250 क्विंटल गेहूं का उठान हो सका है। अकेले सोनीपत मंडी में 72560 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। इनमें से 69280 क्विंटल का ही उठान हो सका है। सरकार की ओर से गेहूं की खरीद के बाद भुगतान तभी किया जाता है, जब मंडियों से गेहूं के बैग उठाकर गोदाम में इनका भंडारण कर दिया जाए। उसके बाद खरीद एजेंसियां किसानों को उनकी फसल का भुगतान करती हैं।
उठान में नहीं आई तेजी, बारिश से कटाई और कढ़ाई प्रभावित
सोनीपत की नई अनाज मंडी के साथ सब्जी मंडी में खुले आसमान के नीचे गेहूं से भरे 138560 बैग रखे हुए हैं। खरीद एजेंसियों की ओर से अभी तक गेहूं के उठान में तेजी नहीं लाई गई है। वीरवार शाम हुई बारिश के दौरान खुले में पड़ी गेहूं की ढेरियां भीग गईं। साथ ही गेहूं से भरकर रखे 1.38 लाख बैग भी बारिश में भीग गए। वर्तमान समय में किसान गेहूं की कटाई व कढ़ाई की प्रक्रिया में जुटे हुए थे। हाथ की कटाई के साथ-साथ अब मशीनों से भी कटाई शुरू हो गई थी। बारिश के बाद बढ़ी नमी के चलते गेहूं की कटाई और कढ़ाई प्रभावित होगी। दो दिन तक कटाई व कढ़ाई का काम प्रभावित रहेगा। जिले में 1.45 लाख हेक्टेयर भूमि में गेहूं की बिजाई की गई थी।
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से मौसम का मिजाज बदला है। सोनीपत में हुई बारिश के साथ तापमान में कमी आई है। दो दिन बाद मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा। -डॉ. प्रेमदीप, मौसम विशेषज्ञ, केवीके, सोनीपत।
फोटो 19: सोनीपत अनाज मंडी में खुले आसमान के नीचे बारिश के भरे पानी में रखे गेहूं के बैग। संवाद