यूनिवर्सिटी में नॉन टीचिंग के 83 पदों पर 51500 आवेदन, क्लर्क और चपरासी के लिए लाइन में पीएचडी धारक
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। बेरोजगारी की मार युवा किस तरह से झेल रहे हैं, इसका इस बात से पता चलता है कि 83 पदों के लिए 51 हजार 500 आवेदन आ गए हैं। इनमें भी क्लर्क व चपरासी तक के लिए पीएचडी धारकों ने आवेदन कर दिया है, जबकि इन नौकरियों के लिए आवेदन करने वाले इंजीनियर भी हजारों हैं। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी मुरथल में नॉन टीचिंग स्टाफ की भर्ती के लिए यह स्थिति है, जहां आवेदन करने वाले पदों के अनुसार कई हजार गुना ज्यादा हो गए हैं। इतने आवेदन आने पर यूनिवर्सिटी प्रशासन भी अचंभे में पड़ गया है और वह लिखित परीक्षा कराने के बाद मेरिट लिस्ट जारी करेगा।
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी यूनिवर्सिटी मुरथल में नॉन टीचिंग के 463 पदों के मुकाबले केवल 239 ही पद भरे हुए हैं, जबकि 224 पद आज भी खाली हैं। इस कारण ही पिछले महीने यूनिवर्सिटी में नॉन टीचिंग के लिए 11 ब्रांच में 83 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए। इन आवेदन के लिए आखिरी तारीख 20 फरवरी रखी गई, जिसके बाद आवेदन की संख्या देखकर यूनिवर्सिटी प्रशासन भी चौंक गया। क्योंकि इन 83 पदों के लिए 51 हजार 500 आवेदन आ गए हैं। इनमें क्लर्क, स्टेनो टाइपिस्ट, ड्राइवर, लैब टेक्निशियन, लैब अटेंडेंट, लाइब्रेरी रि-स्टोरर, लाइब्रेरी अटेंडेंट, वर्कशॉप हेल्पर, चपरासी, बस हेल्पर, वेटर शामिल हैं। इनके लिए स्नातक को शैक्षणिक योग्यता रखा गया था। इन पदों के लिए पीएचडी धारक भी पीछे नहीं रहे और 9 पीएचडी धारकों ने आवेदन किया है। जबकि एमटेक डिग्री वाले 400, बीटेक डिग्री वाले 2000, एमफिल वाले 10, एमएससी वाले 200, एमए वाले 500 हैं, जबकि अन्य में बीए, बीएससी व अन्य डिग्री धारक हैं। इतने आवेदन आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने लिखित परीक्षा कराने की तैयारी कर ली है, जिसकी मेरिट तैयार करने के बाद भर्ती की जाएगी।
--
वीसी ने मेज पर लगाई तख्ती, नौकरी के लिए सिफारिश न करें
मुरथल यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. राजेंद्र अनायत ने नॉन टीचिंग की भर्ती निकालने के बाद अपनी मेज पर एक कागज पर यह लिखकर तख्ती लगा दी है कि नौकरी के लिए उनके पास कोई भी सिफारिश नहीं करे। वीसी की मेज पर इस तरह की तख्ती लगी देखकर कोई भी सिफारिश करने नहीं जाता है। यह उन्होंने केवल इसलिए किया है, जिससे भर्तियों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए।
--
यूनिवर्सिटी में नॉन टीचिंग स्टाफ के लिए आवेदन मांगे गए थे जो 51500 आए हैं। इतने ज्यादा आवेदन आने पर लिखित परीक्षा कराई जाएगी और उसके आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।
-प्रो. राजेंद्र अनायत, वीसी मुरथल यूनिवर्सिटी