दिल्ली में जाने से रोके भारी वाहन, केजीपी-केएमपी पर लगा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड के चलते भारी वाहनों को हाईवे पर जगह-जगह नाके लगाकर रोक दिया गया। कुंडली बार्डर से पहले ही भारी वाहनों को रोककर केजीपी-केएमपी के रास्ते भेजा गया। हालांकि दिल्ली में जाने वाले वाहनों को केएमपी-केजीपी पर ही रोक दिया गया। जिसके चलते केएमपी-केजीपी पर जाम लग गया। वाहन दोनों एक्सप्रेस-वे पर रेंगते हुए चले। तीसरे पहरे दिल्ली में एंट्री खुलने के बाद ही जाम की स्थिति को समाप्त किया जा सका। वीरवार रात आठ बजे से शनिवार दोपहर तक फिर से वाहनों को दिल्ली में जाने से रोका जाएगा।
गणतंत्र दिवस की रिहर्सल के चलते मंगलवार रात से दिल्ली में भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। जीटी रोड पर गन्नौर, मुरथल, बहालगढ़ के साथ ही कुंडली बार्डर पर नाके लगाकर भारी वाहनों को दिल्ली में जाने से रोका गया। बीसवां मील से आगे पहुंचे वाहनों को केएमपी व केजीपी के रास्ते यूपी व राजस्थान की तरफ भेजा गया। जिन वाहनों को दिल्ली जाना था उन्हें केएमपी व केजीपी पर ही रोक दिया गया। जिससे केएमपी व केजीपी पर भी जाम की स्थिति बन गई। भारी वाहनों को सड़क किनारे रोकने के चलते अन्य वाहन चालकों की भी मुसीबत बढ़ गई। दोनों एक्सप्रेस-वे पर वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। दोपहर बाद दिल्ली में वाहनों का आवागमन शुरू होने के बाद ही वाहन चालकों को राहत मिल सकी। उसके बाद जाम की स्थिति से निजात मिल पाई।
कच्चा माल बना वाहन चालकों के लिए मुसीबत
हाईवे पर कच्चा माल लेकर दिल्ली में जाने वाले वाहन चालकों की मुसीबत अधिक बढ़ गई। उन्हें दिल्ली में जाने से रोका गया तो उन्हें कच्चे माल के खराब होने की चिंता सताने लगे। चालक मुकेश व राजू यादव ने बताया कि उनके ट्रकों में कच्चा माल है। जिसे दिल्ली समय पर ले जाया जाना था। दिल्ली में भारी वाहन रोकने की उनके पास कोई जानकारी नहीं थी। अगर इस तरह वाहनों को रोकना होता है तो पहले इसकी जानकारी दी जाती है। इस दौरान ट्रक मालिकों ने रोष भी जताया। उनका कहना था कि उनका कच्चा माल बर्बाद हो जाएगा।
आज से फिर दिल्ली के लिए थम जाएंगे भारी वाहनों के पहिए
दिल्ली में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को लेकर वीरवार रात आठ बजे जीटी रोड पर भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन की ओर से संबंधित चौकी प्रभारियों व ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। वहीं, भारी वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों से गुजरने की अपील की गई है। पुलिस प्रवक्ता जगजीत सिंह ने बताया कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस को लेकर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। जिसके चलते जिले की सीमा में वाहनों की कतार लग जाती है। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए भारी वाहनों की जीटी रोड पर आवागमन को लेकर रोक लगाई है। इस दौरान भारी वाहन चालक दिल्ली की ओर जाने के लिए पानीपत के सनौली होकर वाया बागपत जा सकते हैं, वहीं पानीपत की ओर जाने वाले वाहनों को गढ़मिरकपुर से होते हुए बागपत जा सकते हैं। भारी वाहनों पर रोक 26 जनवरी को दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी।