भाजपा भी डंडे के आगे नाचती है, किसी वर्ग का उत्थान नहीं कर सकती : राजकुमार सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि इतनी बड़ी पार्टी डंडे के आगे नाचती है। उसी दिन से उन्हें दिखाई दे गया था कि यह पार्टी किसी वर्ग का उत्थान नहीं कर सकती। 2019 में जनता उनको मौका दें तो हर घर को एक नौकरी सुनिश्चित करेंगे और 100 प्रतिशत आरक्षण लागू कर हर जाति को उसका हक मिलेगा। सांसद राजकुमार सैनी रविवार को सब्जी मंडी में हुए कबीर जयंती समारोह में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
सांसद सैनी ने कहा कि हर बार दादागिरी से लोगों को बलि का बकरा बनाया जाता है। लेकिन दादागिरी व जातिवाद का जवाब बली का बकरा बनकर दोगे तो हलाल ही होते रहोगे, अब इनका जवाब देना सीख जाओ। सांसद ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को जनता ने 12 बार मौका दिया, लेकिन आज भी देश की हालत दयनीय है। आजादी के बाद देश को नेहरू गांधी के परिवार ने फिर से वंशवाद की भेंट चढ़ा दिया है। वहीं इनेलो नेता सभी को नौकरी देने व बिजली बिल आधा करने की बात करते हैं, लेकिन वह यह भूल रहे हैं कि भ्रष्टाचार के चलते ही उनका आधा कुणबा जेल के पीछे है। इनेलो एसवाईएल पर नौटंकी कर रही है, क्योंकि जेल में बंद कुणबे को बाहर लाना है। उन्होंने कहा कि दलित सम्मेलन करने वालों ने अपने प्रदेश अध्यक्ष तक को पीट दिया तो उनसे कैसे दलित वर्ग के उत्थान की उम्मीद की जा सकती है। आज उन्हें कुछ लोग गांवों में घुसने से रोक रहे हैं, सिर्फ इसलिए कि वह अपने कच्चे चिट्ठे खुलने से डरते हैं।