सीएम ने रखा पत्थर तो मंत्री ने तोड़ा नारियल, पेयजल लाइन का डिजाइन आज तक नहीं बना
प्रदीप कौशिक
सोनीपत। शहर के साथ ही निगम के गांवों में पेयजल लाइन बिछाने के लिए सीएम मनोहर लाल ने तीन महीने पत्थर रखा तो मंत्री ने डेढ़ महीने पहले उस लाइन के लिए नारियल भी तोड़ दिया। लेकिन असलियत यह है कि इस पेयजल लाइन की आज तक ड्राइंग ही तैयार नहीं हुई है और वह शहरी स्थानीय निकाय के मुख्यालय में पड़ी हुई है। यह पेयजल लाइन शहर के साथ ही 10 गांवों में अमृत योजना के तहत 58 करोड़ से बिछाई जानी है और अब नगर निगम के अधिकारी मुख्यालय से डिजाइन आने के इंतजार में बैठे हुए हैं।
शहर की 16 कालोनियों व निगम के 10 गांवों में 58 करोड़ रुपये की राशि से पेयजल लाइन बिछाने का कार्य शुरू होना था। नगर निगम की ओर से ठेकेदार को इस कार्य को 15 महीने के अंदर करने लिए टेंडर अलॉट पहले ही किया जा चुका है। 16 नवंबर को सीएम मनोहरलाल सोनीपत में दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे थे। इस दौरान जिला प्रशासन के सहयोग से नगर निगम ने पेयजल लाइन व सीवर बिछाने के कार्य, ड्रेन नं. 6 को पक्का करने के कार्य का शिलान्यास कराया था। उसके बाद सीवर लाइन व ड्रेन को पक्का करने के कार्य तो शुरू हो गया है। पेयजल लाइन का काम अभी पेंडिंग पड़ा हुआ है। पेयजल लाइन बिछाने के कार्य को शुरू करने के लिए मंत्री कविता जैन ने 6 जनवरी को नारियल तोड़ा था। उसके बाद न तो काम शुरू हो पाया और न ही मुख्यालय से निगम कार्यालय में पेयजल लाइन का डिजाइन तैयार होने नहीं भेजा गया।
-
190 किलोमीटर लंबी पानी की लाइन बिछेगी
शिव कालोनी, चावला कालोनी, ऋषि कालोनी, हनुमान नगर, शास्त्री कालोनी, विकास कालोनी, भरत सिंह कालोनी, गोबिंद कालोनी, जीवन नगर एक्सटेंशन, पटेल नगर, कैलाश नगर एक्सटेंशन, कबीरपुर कालोनी, शादीपुर, मायापुरी, कीर्ति नगर/इंदिरा नगर एक्सटेंशन, सिद्धार्थ नगर में 118 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाई जानी है। वहीं निगम के गांव मुरथल, नांगल खुर्द, किशोरा, कुमासपुर, मकीमपुर, दीपालपुर, जोशी चौहान, खेवड़ा, बहालगढ़, असावरपुर में 72 किलोमीटर लंबी लाइन बिछाने का काम शुरू किया जाना है।
वर्जन
शहर व गांवों में पेयजल लाइन बिछाने के लिए मुख्यालय पर डिजाइन तैयार कराया जा रहा है। डिजाइन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। 58 करोड़ की लागत से अमृत योजना के तहत अगले 15 महीनों में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
-राधेश्याम शर्मा, एक्सईएन नगर निगम