फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोग सड़क पर बेहाल होते रहे, पुलिस आराम से चौकी में सोती रही

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

सोनीपत/राई।
बहालगढ़ से यूपी के बागपत तक लगे महाजाम ने पुलिस की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी। इसमें हरियाणा ही नहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। हालात ये रहे कि लोग सड़क पर बेहाल होते रहे और पुलिस आराम से चौकी में सोती रही। यह पूरा नजारा हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर बागपत जिले की निवाड़ा चौकी के अंदर चलता रहा। जब जाम हरियाणा की ओर से यमुना के पुल से यूपी के बागपत जिले की ओर बढने लगा तो उस समय भी यमुना पुल के किनारे बनी चौकी की पुलिस ने वाहनों को सीधे दिल्ली-सहारनपुर हाइवे से नहीं निकलवाया। उस समय ही यूपी की ओर से आने वाले वाहनों को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर आगे बढ़ाकर शामली से पानीपत निकाल दिए जाते तो हालात काफी बेहतर हो सकते थे।
बहालगढ़ से यूपी बॉर्डर तक लगा जाम बुधवार शाम को बढ़ने लगा जो दोनों प्रदेशों को जोडने के लिए यमुना नदी पर बने पुल तक पहुंच गया। यमुना नदी का पुल भी बुधवार रात लगभग 10 बजे पूरी तरह से जाम हो गया और उसके बाद भी यूपी के बागपत जिले की ओर से भारी वाहन आने बंद नहीं हुए। वहीं इतना जाम बढ़ने के बाद भी यमुना पुल के किनारे बनी बागपत जिले की निवाड़ा चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी आराम करते रहे। चौकी के अंदर ही पुलिस कर्मी आराम से चारपाई डालकर सोए हुए थे और किसी ने उठकर जाम खुलवाने के लिए मेहनत करने की जरूरत नहीं समझी। जबकि यूपी की ओर से आने वाले वाहनों को हरियाणा की ओर मुड़ने की जगह गौरीपुर मोड़ से सीधे दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर चलता करा दिया जाता। इससे वे शामली से होते हुए यमुना पुल से सीधे पानीपत निकल सकते थे और इस तरह बहालगढ़ वाले जाम में वाहन फंसने से हालात इतने खराब नहीं होते। इस तरह जाम बढ़ने के लिए पूरी तरह से यूपी की बागपत पुलिस भी जिम्मेदार है।
विज्ञापन


एसपी ने बागपत पुलिस से की बात, सकारात्मक परिणाम नहीं
एसपी अश्विन कुमार ने बताया कि यूपी की ओर से लगातार भारी वाहन आते हैं और सड़क टूटी होने के कारण वह फंसने से जाम लग जाता है। ऐसी स्थिति में सड़क ठीक होने तक केवल एक ही विकल्प बचता है कि रूट को बागपत जिले में डायवर्ट कर दिया जाए। एसपी ने बताया कि यूपी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को हरियाणा की ओर मुडने की जगह दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर सीधे शामली की ओर से पानीपत निकाला जाए तो इस सड़क पर वाहनों की इतनी भीड़ नहीं रहेगी। इसके लिए बागपत पुलिस से बातचीत की गई है और यह सुझाव दिया गया कि इस तरह से भारी वाहनों को आगे से निकाला जा सकता है। एसपी ने यह भी कहा कि अभी तक इसमें बागपत पुलिस की ओर से कोई सकारात्मकता नहीं दिखाई गई है। वहीं, सड़क के गड्ढे भरवाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को लिखा गया है, जिससे यह जाम की समस्या से बचा जा सके।
विज्ञापन


जाम से परेशान गांवों के लोग
बहालगढ़ से यूपी बॉर्डर तक बसे सोनीपत जिले के बहालगढ़, खेवड़ा, पलड़ी, जाजल गांवों के लोग भी जाम की समस्या से परेशान हो चुके है। जाम लगने के कारण वह अपने ही घरों में कैद हो जाते हैं और उनके कामकाज ठप हो जाते हैं। जाजल के बिजेंद्र, गढ़ मिर्कपुर के रणधीर, पलड़ी के कृष्ण, खेवड़ा के जसपाल आदि का कहना है कि प्रशासन को इसके लिए ठोस कदम उठाने चाहिए और बहालगढ़ से यूपी बॉर्डर तक सड़क को बेहतर बनाना चाहिए। जिससे इसके गड्ढे खत्म हो जाए और वाहन फंसने से सड़क पर जाम नहीं लग सके। इन सभी ने बताया कि पिछले कई दिनों से सड़क पर लगातार जाम लगा हुआ है, जिससे उनके गांवों के लोग बाहर भी नहीं जा सकते हैं। खेतों से किसी तरह पशुओं के लिए चारा लाया जा रहा है, जिससे वह भूखे नहीं रहें। अन्य काम भी पूरी तरह से जाम के कारण रुक गए हैं। यही हालात रहे तो उनके गांवों में परेशानी ज्यादा बढ़ जाएगी।


लोग सड़क पर बेहाल होते रहे, पुलिस आराम से चौकी में सोती रही
हरियाणा व यूपी बार्डर पर बागपत जिले की निवाड़ा चौकी के अंदर ही पुलिस सोती रही
यमुना पुल पर फंसे वाहनों को नहीं निकलवाया गया, एसपी ने बागपत पुलिस से की बात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें