पिछड़ा समाज के लिए बैकवर्ड भवन की मांग पर मुख्यमंत्री के संज्ञान का आभार व्यक्त करते संगठन के प
गोहाना। गांव गढ़ी उजाले खां में प्रगतिशील पिछड़ा वर्ग महासभा गोहाना के उपाध्यक्ष रामनिवास सैनी के निवास पर संगठन के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता संगठन के संरक्षक प्रोफेसर शमशेर भंडेरी ने की।
पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। प्रोफेसर शमशेर भंडेरी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री ने पिछड़ा समाज को तवज्जो देते हुए बैकवर्ड भवन के लिए 21 लाख रुपये की राशि मंजूर कर समाज का सम्मान बढ़ाने का काम किया है।
उन्होंने बताया कि मंत्री के समक्ष सामूहिक मांग रखी गई थी कि किसी एक जाति के बजाय पूरे पिछड़ा समाज के लिए सेक्टर में कम से कम 4000 वर्ग गज जमीन दी जाए ताकि बैकवर्ड भवन बनाया जा सके। इस भवन में समाज के लोग सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विवाह, तेरहवीं व अन्य बड़े कार्यक्रम आयोजित कर सकें।
प्रोफेसर भंडेरी ने कहा कि वर्तमान में समाज के पास ऐसा कोई स्थान नहीं है जहां एक साथ 500 से 1000 लोग बैठ सकें। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री के सामने भी यह विषय रखा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी इस प्रस्ताव पर कहा था कि गोहाना में बनने वाले नए सेक्टरों में सभी समाजों के लिए प्लॉट निर्धारित किए जाएंगे।
बैठक में अध्यक्ष शेर सिंह बेडवाल, महासचिव मुख्तियार सिंह दांगी, वित्तीय सचिव सोमपाल सैन, संरक्षक सुभाष चंद्र, उपाध्यक्ष रामनिवास सैनी सहित पिछड़े समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।