गन्नौर । गाड़ी दिलवाने का झांसा देकर दो युवकों ने एक फिलिंग स्टेशन संचालक से 20.5 लाख रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी धमकी दे रहे हैं।
पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त को दी, जिस पर उन्होंने गन्नौर थाना पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव खीजरपुर अहीर निवासी शमशेर ने बताया कि उनका गुरुग्राम में साझेदारी में पेट्रोल पंप है। दिसंबर 2023 में पेट्रोल पंप पर उनकी मुलाकात पलवल निवासी सुबीन और नासिर से हुई थी। दोनों ने खुद को वाहन फाइनेंस कारोबारी बताकर विश्वास में लिया और 20.5 लाख रुपये की ठगी की थी।
शमशेर ने बताया कि उन्होंने उन्हें क्रेटा गाड़ी दी थी और फार्च्यूनर गाड़ी देने का झांसा दिया था।
उसके बाद क्रेटा गाड़ी की एनओसी नहीं दिलवाई और न ही फार्च्यूनर गाड़ी दी। उनके पैसे भी नहीं लौटाए। शिकायतकर्ता ने बताया कि अब आरोपियों की तरफ से उन्हें कॉल कर जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिसकी रिकार्डिंग उनके पास है।
पुलिस ने शमशेर की शिकायत पर आरोपी सुबीन व नासीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। संवाद