बहादुरगढ़ स्टेट हाईवे पर भरा पानी, निकलना मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
राई/सोनीपत। बीसवां मील चौक से बहादुरगढ़ को जोड़ने वाले स्टेट हाईवे की हालत फिर से खराब हो गई है। हाईवे पर नाले का पानी भरने से रोड से निकला मुश्किल हो रहा है। पानी भरने से सड़क के जल्द टूटने का भी अंदेशा है। लोगों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च कर इस मार्ग का सुधारीकरण किया गया था। अब फिर से पानी भरने से यह टूटकर बिखर जाएगा। लोगों ने निकासी के लिए ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।
बहादुरगढ़ स्टेट हाईवे पर पानी की निकासी नहीं होने से मार्ग पर फिर से पानी भर गया है। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जिससे इस मार्ग से होकर अपने गंतव्य की तरफ जाने वाले ग्रामीणों के साथ ही राई औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपतियों को भी सड़क पर भरे दूषित पानी की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। ब्लॉक समिति सदस्य वेदपाल शास्त्री, संजय व राजकुमार ने बताया कि उन्हें आवागमन के लिए बीसवां-बहादुरगढ़ रोड से जाना पड़ता है। इस मार्ग पर गांव बढ़मलिक के सामने पानी भरा हुआ है। दूषित पानी के चलते पैदल राहगीर यहां से नहीं गुजर पाते। साथ ही वाहन भी दूषित पानी में फंस रहे हैं। ग्रामीणों को इस मार्ग पर भरे पानी के कारण आए दिन हादसे का भी शिकार होना पड़ रहा है। वहीं उद्योगपति राकेश देवगण व भूपेंद्र चौधरी ने कहा बढ़मलिक के पास सड़क पर भरे दूषित पानी से उनके व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। मॉल लाने व ले जाने की समस्या आ रही है। कैंटर चालक तो इस रास्ते से मॉल ले जाने से साफ इंकार कर रहे हैं। जिस वजह से ट्रांसपोर्ट सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
करोड़ों खर्च के बाद भी नहीं हो सका स्थायी समाधान
लोगों ने आरोप लगाया कि कई माह पहले साढ़े नौ करोड़ रुपये की लागत से इस टुकड़े को ठीक किया गया था, लेकिन यह पैसा सड़क पर पानी भरने से बर्बाद हो गया। नाले के पानी की निकासी के अभाव में पानी सड़क पर भरा रहता है। सड़क टूटने का मुख्य कारण भी पानी निकासी का बंदोबस्त नहीं होना है। यहां बनाया गया नाला ऊंचा है और सड़क निचाई पर है। तालाब बन चुके हाईवे के इस हिस्से पर रोजाना हादसे हो रहे हैं। राहगीरों को निकलने में परेशानी होती है।
मार्ग पर बनी रहती है जाम की स्थिति
हाईवे पर भरे पानी की वजह से यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां से वाहन निकलने के दौरान कई बार बंद हो जाते है और कई बार गड्ढे में फंस जाते हैं। जिससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यहां घंटों तक वाहन फंस रहते हैं।