नपा उपाध्यक्ष ने समझौते के लिए थाने में आए सुपरवाइजर को दोबारा बाहर पीटा, केस
सफाई कर्मी सुपरवाइजर से हाजिरी का रजिस्टर मांग रहा था उपाध्यक्ष
रजिस्टर नहीं देने पर की पिटाई, थाने में समझौते के लिए बातचीत हुई
उसके बावजूद बाहर निकलते ही फिर पीटा, उपाध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर।
नगर पालिका के उपाध्यक्ष दबंगई पर उतर आए हैं। उपाध्यक्ष ने सफाई कर्मी सुपरवाइजर की शनिवार को पिटाई कर दी। इस बाबत थाने में समझौते के लिए बातचीत हो गई। लेकिन थाने से निकलते ही बाहर सुपरवाइजर की बाइक रुकवाकर दोबारा से उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित सुपरवाइजर ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और उपाध्यक्ष के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दी। पुलिस ने सफाई कर्मी सुपरवाइजर का मेडिकल कराने के बाद पालिका उपाध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं इस तरह सुपरवाइजर संग एक ही दिन में दो बार मारपीट होने से सफाई कर्मी भड़क गए और वह उपाध्यक्ष के विरोध में खड़े हो गए हैं। सफाई कर्मियों ने सोमवार को उपाध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने की बात कही है।
सफाईकर्मी सुपरवाइजर शिवनारायण शनिवार सुबह नगरपालिका परिसर में सफाई कर्मियों की हाजिरी ले रहा था। वहां नपा उपाध्यक्ष सुनील लंबू भी वहां पहुंच गया और हाजिरी रजिस्टर मांगने लगा। सुपरवाइजर ने नपा उपाध्यक्ष को रजिस्टर देने से मना कर दिया तो उपाध्यक्ष ने उसे गालियां देनी शुरू कर दी। उपाध्यक्ष खुद नपा कर्मचारियों की हाजिरी लेने लगा। सुपरवाइजर शिवनारायण का आरोप है कि इसके बाद उपाध्यक्ष सुनील लंबू उसके पास और और उसकी पिटाई करने के साथ ही गोली मारने की धमकी भी दी। इस पर शिवनारायण ने मामले की शिकायत गन्नौर पुलिस थाना में दी। वहीं उपाध्यक्ष की ओर से भी थाने में शिकायत दी गई थी। जिस पर दोनों को थाने में बुलाया गया और उनमें बातचीत के बाद शिवनारायण ने समझौते के लिए दो दिन का समय मांगा। जब शिवनारायण अपनी बाइक लेकर थाने से बाहर निकला तो नपा उपाध्यक्ष ने उसकी बाइक रुकवाई को और उसके साथ दोबारा मारपीट कर दी। जिसके बाद शिवनारायण ने थाना गन्नौर नपा उपाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया।
पुलिस को पहले दोनों पक्षों की तरफ से शिकायतें मिली थी। जिसके बाद दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया तो समझौते के लिए दो दिन का समय मांगा गया। नपा उपाध्यक्ष ने सफाई कर्मी सुपरवाइजर के साथ मारपीट कर दी। जिसके बाद पुलिस ने शिवनारायण की शिकायत पर नपा उपाध्यक्ष सुनील उर्फ लंबू पर केस कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार होगा।
देवेंद्र कुमार, गन्नौर थाना प्रभारी
मैं पिछले दो दिनों से बाहर था। मामले की ज्यादा जानकारी नहीं है। नपा उपाध्यक्ष व सफाई कर्मियों के बीच झगड़े के जानकारी मिली थी। सोमवार को दोनों पक्षों से मामले की जानकारी लेंगे, तभी कुछ कहा जा सकेगा।
सतप्रकाश शर्मा, गन्नौर नपा अध्यक्ष