गोहाना। सीआईए गोहाना की टीम ने गांव बीधल से एक पिकअप से शराब की 200 पेटियां बरामद की हैं। पिकअप गांव में एक निजी स्कूल के पास खड़ी की गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो मालिक और चालक नहीं मिले। ई-चालान मशीन से पिकअप के मालिक का पता लगाया गया। सदर थाना में केस दर्ज किया गया है।
सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार पुलिस टीम के साथ गांव बड़ौता के निकट गश्त कर रहे थे। पुलिस को सूचना मिली कि गांव बीधल में निजी स्कूल के सामने डिस्पेंसरी की दीवार के पास एक पिकअप खड़ी है, जिसमें शराब भरकर लाई गई है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पिकअप खड़ी मिली, मगर चालक या गाड़ी का मालिक नहीं था। पिकअप की जांच की तो उसके अंदर 200 पेटी शराब ती। पेटियों में पाव-पाव की शीशियां भरी हुई थीं। ई-चालान मशीन में गाड़ी का नंबर डालकर मालिक का पता किया गया। पिकअप गांव गुमड़ के प्रदीप के नाम पंजीकृत है। संपर्क करने पर उसका मोबाइल बंद मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।