खरखौदा। गांव पिपली के व्यक्ति की जेब से महिला 20 हजार रुपये निकाल ले गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पिपली गांव निवासी जिले सिंह ने बताया कि उनका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की खरखौदा शाखा में खाता है। बुधवार को उन्होंने खाते से 20 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वह बैंक से बाहर आकर अपनी पासबुक में एंट्री करवाने के लिए लाइन में लग गए। जिले सिंह का कहना है कि इसी बीच लाइन में ही खड़ी महिला ने उनकी जेब से 20 हजार रुपये निकाल लिये। जब तक उन्हें इसका पता चलता वह महिला मौके से जा चुकी थी। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत खरखौदा थाना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने महिला के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।