सोनीपत। गांव कामी रोड स्थित चीनी मिल के पास खेत में जुआ खेल रहे युवकों पर छापा डालने के दौरान सीआईए की टीम पर जानलेवा हमला करने के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी ऋषि कॉलोनी निवासी अजय और विजय हैं।
मामले को लेकर सीआईए सोनीपत में नियुक्त हवलदार तरुण ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह 22 मार्च को तिरंगा चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली थी कि विजय उर्फ डाक्टर कामी रोड स्थित चीनी मिल के पास अपने खेत में बने कमरे में रोज लोगों को जुआ खिलाता है। वहां उसके परिवार की महिला सदस्य निगरानी करती है। इस पर उन्होंने मामले से एएसआई अजमेर को अवगत कराया था। पता लगा था कि दीपालपुर का अंकित, अमित, अजय, शेरा और बिंदरौली का कप्तान व पांच छह अन्य वहां जुआ खेल रहे हैं। टीम के पहुंचने पर उन्होंने एएसआई अजमरे व सिपाही सचिन पर कस्सी से हमला कर दिया था। वहां से आरोपी नकदी लेकर भाग गए थे। उसके बावजूद उनके 50150 रुपये वहीं रह गए थे। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर लिया था। अब मामले में अजय और विजय को गिरफ्तार किया है। उन्हें अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।